Publish Date: Fri, 20 Mar 2020 (09:54 IST)
Updated Date: Fri, 20 Mar 2020 (09:58 IST)
शिमला। फिरोजपुर रेलवे मंडल ने कोरोना वायरस वैश्विक महामारी के चलते हिमाचल प्रदेश में सभी पर्यटकों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाए जाने के बाद कांगड़ा घाटी में 14 ट्रेनों को रद्द कर दिया है। रेलवे के एक प्रवक्ता ने बताया कि कांगड़ा घाटी (पठानकोट-जोगिंदरनगर) में सभी ट्रेन सेवाओं को अगले आदेश तक आधी रात से रद्द कर दिया गया है।
इससे पहले गुरुवार शाम को जिला उपायुक्त राकेश प्रजापति ने कहा कि कोविड-19 के प्रसार को रोकने के लिए अगले आदेश तक आधी रात के बाद पंजाब से कांगड़ा जिले तक की सभी ट्रेनों की आवाजाही निलंबित रहेगी।
उन्होंने बताया कि पंजाब में कोविड-19 से कुछ लोगों के संक्रमित पाए जाने के बाद एहतियातन तौर पर कांगड़ा जिले में ट्रेनों को रद्द किया गया है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने गुरुवार दोपहर को कहा था कि राज्य में एहतियातन तौर पर घरेलू और अंतरराष्ट्रीय सभी पर्यटकों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है।