Publish Date: Fri, 17 Dec 2021 (10:51 IST)
Updated Date: Fri, 17 Dec 2021 (10:55 IST)
नई दिल्ली। भारत में एक दिन में कोविड-19 के 7,447 नए मामले सामने आने से संक्रमण के कुल मामलों की संख्या 3 करोड़ 47 लाख 26 हजार 049 हो गई जबकि एक्टिव मरीजों की संख्या कम होकर 86,415 रह गई है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, 391 मरीजों के जान गंवाने से मृतकों की संख्या बढ़कर 4,76,869 हो गई है। संक्रमण के दैनिक मामले पिछले 50 दिनों से 15,000 से कम बने हुए है।
मंत्रालय ने बताया कि एक्टिव मरीजों की संख्या संक्रमण के कुल मामलों का 0.25 प्रतिशत है जो मार्च 2020 के बाद से सबसे कम है जबकि कोविड-19 से स्वस्थ होने की राष्ट्रीय दर 98.38 प्रतिशत दर्ज की गई जो मार्च 2020 के बाद से सबसे अधिक है। कोविड-19 के उपचाराधीन मरीजों की संख्या में पिछले 24 घंटों में 830 की कमी दर्ज की गई।
उल्लेखनीय है कि देश के 11 राज्यों में ओमिक्रॉन के 88 मामले सामने आ चुके हैं। महाराष्ट्र, राजस्थान, कर्नाटक आदि राज्यों में ओमिक्रॉन संक्रमितों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। हालांकि कोरोना के नए वैरिएंट से संक्रमित मरीजों में इसके गंभीर लक्षण नहीं दिखाई दिए हैं। इनमें से कई लोग स्वस्थ होकर घर लौट चुके हैं।
देश में कोविड टीकाकरण में 135.99 करोड़ से अधिक टीके लगाए गए। पिछले 24 घंटे में कोरोना वैक्सीन की 70 लाख खुराक दी गई।
webdunia
Publish Date: Fri, 17 Dec 2021 (10:51 IST)
Updated Date: Fri, 17 Dec 2021 (10:55 IST)