Publish Date: Sun, 22 Mar 2020 (16:28 IST)
Updated Date: Sun, 22 Mar 2020 (16:34 IST)
देश में कोरोना वायरस के संक्रमण के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को देश के लोगों से जनता कर्फ्यू की अपील की थी। इसका असर देश में दिखाई दे रहा है। भारत में एक दिन में 3 मौत हो गई। भारत में संक्रमित लोगों की संख्या 350 पहुंच गई है।
पटना में 38 वर्षीय व्यक्ति, सूरत में 67 वर्षीय और मुंबई में 63 साल के व्यक्ति की मौत हो गई। देश में अब तक कोरोना वायरस से मरने वालों की संख्या 7 हो गई है।
मुंबई में शनिवार रात 63 साल के एक मरीज की मौत हो गई। खबरों के मुताबिक मरीज को डायबिटीज, हाईब्लड प्रेशर और दिल की बीमारी थी।
शनिवार रात ही पटना में 38 साल के सैफ अली की मौत हो गई। मुंगेर का रहने वाला सैफ हाल ही में कतर से लौटा था।
खबरों के अनुसार सैफ 20 मार्च को एम्स में भर्ती हुआ था। सैफ डायबिटीज का मरीज था, उसकी किडनी भी खराब थी। 60 साल से कम उम्र में मौत का यह पहला मामला है। रविवार को गुजरात के सूरत में 67 साल के बुजुर्ग की मौत हो गई।
खबरों के मुताबिक बुजुर्ग अस्थमा के मरीज थे और दोनों किडनी फेल हो गई थीं। बुजुर्ग 4 दिन से अस्पताल में भर्ती थे।