Publish Date: Mon, 30 Mar 2020 (12:04 IST)
Updated Date: Mon, 30 Mar 2020 (12:28 IST)
इंदौर। मध्यप्रदेश में 8 और मरीजों में कोरोना वायरस संक्रमण की सोमवार को पुष्टि की गई। इसके साथ ही सूबे में इस संक्रमण की जद में आए लोगों की संख्या बढ़कर 47 हो गई है। इनमें से 2 लोगों की मौत की पहले ही पुष्टि की जा चुकी है।
शासकीय महात्मा गांधी स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय की डीन ज्योति बिंदल ने बताया कि कोरोना वायरस संक्रमण के नए मरीजों में इंदौर के 7 मरीज और पड़ोस के उज्जैन का 1 मरीज शामिल हैं। पिछले 24 घंटे में यहां कोरोना वायरस संक्रमित किसी मरीज की मौत के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने बताया कि वे पूरा रिकॉर्ड जांचने के बाद ही इस बारे में कोई टिप्पणी कर सकेंगी।
इस बीच चिकित्सा महाविद्यालय के जारी ताजा मेडिकल बुलेटिन के मुताबिक कोरोना वायरस के नए मामलों में 7 मरीज इंदौर के अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती हैं, जबकि 1 अन्य मरीज का उज्जैन के माधव नगर चिकित्सालय में इलाज किया जा रहा है। बुलेटिन से स्पष्ट संकेत मिलता है कि सूबे में कोरोना वायरस संक्रमण स्थानीय स्तर पर फैल रहा है।
बुलेटिन में कहा गया कि नए मामलों में 3 लोगों के बारे में पता चला है कि वे कोरोना वायरस संक्रमित मरीजों के संपर्क में आए थे। अन्य 5 मरीजों ने पिछले दिनों कोई यात्रा नहीं की थी। सूबे में अब तक मिली जांच रिपोर्टों के मुताबिक कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों में इंदौर के 27, जबलपुर के 8, उज्जैन के 5, भोपाल के 3 और शिवपुरी एवं ग्वालियर के 2-2 मरीज शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि फिलहाल इनमें से 45 लोग प्रदेश के अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती हैं जबकि 2 लोगों की मौत हो चुकी है। मरने वालों में इंदौर का 1 निवासी और उज्जैन की 1 महिला है। ये दोनों मरीज 65-65 साल के थे और उन्होंने इंदौर के एक अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ा।
webdunia
Publish Date: Mon, 30 Mar 2020 (12:04 IST)
Updated Date: Mon, 30 Mar 2020 (12:28 IST)