Publish Date: Thu, 29 Jul 2021 (12:22 IST)
Updated Date: Thu, 29 Jul 2021 (14:18 IST)
टोक्यो। जापानी अधिकारियों ने टोक्यो में लगातार दूसरे दिन कोरोना संक्रमण के मामलों में रिकॉर्ड बढोतरी के बाद चेतावनी दी है। टोक्यो में बुधवार को 3177 नए मामले आए थे। टोक्यो में ओलंपिक खेलों का आयोजन चल रहा है।
मुख्य कैबिनेट सचिव कात्सुनोबू कातो ने कहा कि हमने कोरोना संक्रमण के मामलों में इतनी बढोतरी पहले नहीं देखी थी। उन्होंने कहा कि नए मामले टोक्यो में ही नहीं बल्कि पूरे जापान में बढ़ रहे हैं।
सरकार के शीर्ष मेडिकल सलाहकार डॉक्टर शिगेरू ओमी ने कहा, 'संक्रमण दर कम होने का नाम ही नहीं ले रही। कई कारणों से यह बढ़ रही है। सबसे बड़ा जोखिम तो यह है कि इसे संकट मान ही नहीं रहे हैं जिससे संक्रमण बढ़ता जा रहा है। इससे चिकित्सा तंत्र दबाव में आ गया है।'
उल्लेखनीय है कि टोक्यो में 12 जुलाई से चौथा आपातकाल लागू है। घरों पर रहने के अनुरोध के बावजूद लोग सड़कों पर घूम रहे हैं। टोक्यो में डेल्टा वैरिएंट से मामले बढ़े हैं लेकिन इसके कोई साक्ष्य नहीं है कि इसका प्रसार ओलंपिक प्रतिभागियों से जापान के लोगों को हुआ है।
टोक्यो के अधिकारियों ने गुरुवार को कहा कि दो विदेशी खिलाड़ी अस्पताल में हैं और 38 अन्य होटल में पृथकवास में है।
बुधवार को संक्रमितों की संख्या 8,92,000 थी और 15000 मौतें हो चुकी है। अभी जापान की 26.3 प्रतिशत आबादी को टीके की दोनों डोज लगी है।
क्या बोला IOC : अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति ने गुरूवार को कहा कि जापान में कोरोना संक्रमण के मामले बढने का तोक्यो ओलंपिक से कोई संबंध नहीं है। आईओसी प्रवक्ता मार्क एडम्स ने कहा कि ओलंपिक खेलों के प्रतिभागियों से कोई संक्रमण नहीं फैला है। खेलों में अब तक 310000 टेस्ट हो चुके हैं और मामूली संख्या में पॉजिटिव मामले आये हैं।
webdunia
Publish Date: Thu, 29 Jul 2021 (12:22 IST)
Updated Date: Thu, 29 Jul 2021 (14:18 IST)