Publish Date: Thu, 29 Oct 2020 (10:30 IST)
Updated Date: Thu, 29 Oct 2020 (10:36 IST)
नई दिल्ली। राजधानी के लोग वर्तमान में दोहरी मार झेल रहे हैं। एक तो अबोहवा में प्रदूषण का जहर घुला हुआ है तो दूसरी तरफ जानलेवा कोरोनावायरस के दिन-प्रतिदिन रिकॉर्डतोड़ नए मामले आ रहे हैं। राजधानी की हवा में गुणवत्ता का स्तर एक बार फिर बहुत खराब श्रेणी से बढ़कर गंभीर स्थिति की श्रेणी में पहुंच गया है।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार जहांगीरपुरी में एक्यूआई का स्तर 420 मापा गया। लोधी रोड में आईक्यूयू 311, आरके पुरम में 376, आईटीओ पर 384 और पंजाबी बाग में 387 रहा, जो बहुत खराब श्रेणी में आता है। उधर दिल्ली में बुधवार शाम कोरोना के रिकॉर्ड 5,163 नए मामले सामने आए हैं।
राजधानी में कोरोनावायरस के रिकॉर्डतोड़ नए मामले और अबोहवा के बुरी तरह दूषित होने को देखते हुए दिल्ली सरकार ने स्कूलों को अभी नहीं खोलने का फैसला किया है। उपमुख्यमंत्री और शिक्षामंत्री मनीष सिसोदिया ने बुधवार को यह जानकारी दी। पिछले आदेश में 31 अक्टूबर तक स्कूल बंद किए गए थे और अब अगले आदेश तक यह बंद रहेंगे। (वार्ता)