Publish Date: Thu, 23 Jul 2020 (00:35 IST)
Updated Date: Thu, 23 Jul 2020 (00:57 IST)
लखनऊ। उत्तरप्रदेश में सप्ताह में दो दिन के लॉकडाउन के बाद भी नए मामलों में कोई कमी नहीं आ रही है। राज्य में संक्रमण के 2308 नए मामलों के साथ संक्रमित मरीजों की संख्या 55,558 पहुंच चुकी है। पिछले 24 घंटे में कोविड-19 से 34 और मरीजों की मौत होने से मृतकों की संख्या 1263 हो गई है।
अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने बुधवार को बताया कि उत्तरप्रदेश में कोविड-19 संक्रमण से 1263 रोगियों की मौत हो चुकी है। प्रदेश में वर्तमान में संक्रमित रोगियों की संख्या 20,825 है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में कोविड-19 के 2308 नए मामले आए हैं। प्रदेश में अब तक 33,500 रोगी ठीक होकर अपने घर जा चुके है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में मंगलवार को एक दिन में 45,650 नमूनों की जांच की गई। इस प्रकार कोविड-19 की जांच में 15 लाख का आंकड़ा पार करते हुए प्रदेश में अब तक लगभग 16 लाख नमूनों की जांच की गई है।
उन्होंने बताया कि आरोग्य सेतु ऐप से अलर्ट आने पर कंट्रोल रूम द्वारा निरंतर फोन किया जा रहा है। अलर्ट आने पर अब तक 3,50,437 लोगों को कंट्रोल रूम द्वारा फोन कर जानकारी प्राप्त की गई। प्रसाद ने बताया कि कोविड-19 रोगियों को कुछ शर्तों के साथ घर पर क्वारंटीन की सुविधा प्रदान की जा रही है।
उन्होंने बताया कि घर पर क्वारंटीन में रहने वाले व्यक्तियों के लिए टोल फ्री नम्बर-18001805146 जारी किया गया है। इस नंबर पर वे अपने स्वास्थ्य संबंधी अपडेट दे सकते है। घर पर क्वारंटीन में रह रहे लोगों के लिए थर्मामीटर एवं ऑक्सीमीटर अपने पास रखना अनिवार्य है। दिन में दो बार अपने तापमान एवं ऑक्सीजन स्तर की जांच कर कंट्रोल रूम को सूचित करना होगा।
प्रसाद ने बताया कि टेलीमेडिसिन के माध्यम से स्वास्थ्य विभाग के ई-संजीवनी पोर्टल का भी व्यापक स्तर पर उपयोग किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि ई-संजीवनी पोर्टल के माध्यम से लोग घर बैठे पोर्टल पर उपलब्ध डॉक्टरों से टेलीमेडिसिन के माध्यम से चिकित्सीय सलाह ले सकते हैं। इस पोर्टल पर फोन नंबर के माध्यम से पंजीकरण कराया जा सकता है। ई-संजीवनी के पर्चे पर सरकारी चिकित्सालयों से भी दवाईयां मिल सकती हैं। (भाषा)
webdunia
Publish Date: Thu, 23 Jul 2020 (00:35 IST)
Updated Date: Thu, 23 Jul 2020 (00:57 IST)