Publish Date: Wed, 03 Mar 2021 (09:07 IST)
Updated Date: Wed, 03 Mar 2021 (20:38 IST)
वॉशिंगटन। वैश्विक महामारी कोरोनावायरस (Coronavirus) कोविड-19 से गंभीर रूप से जूझ रहे अमेरिका में इसके संक्रमण से अब तक 5.16 लाख से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। न्यूयॉर्क, न्यूजर्सी और कैलिफोर्निया प्रांत कोरोना से सबसे बुरी तरह प्रभावित है।
अमेरिका में यह महामारी विकराल रूप ले चुकी है और अब तक 2.87 करोड़ से अधिक लोग इससे संक्रमित हो चुके हैं। अमेरिका की जॉन हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के विज्ञान एवं इंजीनियरिंग केन्द्र (सीएसएसई) की ओर से जारी किए गए ताजा आंकड़ों के मुताबिक, अमेरिका में कोरोनावायरस से मरने वालों की संख्या 5,16,456 पहुंच गई है, जबकि संक्रमितों की संख्या 2,87,14,851 हो गई है।
अमेरिका का न्यूयॉर्क, न्यूजर्सी और कैलिफोर्निया प्रांत कोरोना से सबसे बुरी तरह प्रभावित है। अकेले न्यूयॉर्क में कोरोना संक्रमण के कारण 47,818 लोगों की मौत हुई है। न्यूजर्सी में अब तक 23,321 लोगों की इस महामारी के कारण मौत हो चुकी है। कैलिफोर्निया में कोविड-19 से अब तक 52,588 लोगों की मौत हो चुकी है।
टेक्सास में इसके कारण 44,184 लोग अब तक अपनी जान गंवा चुके हैं, फ्लोरिडा में कोविड-19 से 31,135 लोगों की जान गई है। इसके अलावा इलिनॉयस में 22,803, मिशीगन में 16,544, मैसाचुसेट्स में 16,182, जबकि पेंसिल्वेनिया में कोरोना से 24,062 लोगों की मौत हुई है। गौरतलब है कि देश में कोरोना टीकाकरण का अभियान भी बड़े पैमाने पर चल रहा है।(वार्ता)