Publish Date: Sat, 28 Mar 2020 (14:03 IST)
Updated Date: Sat, 28 Mar 2020 (14:12 IST)
संयुक्त राष्ट्र। संयुक्त राष्ट्र ने कहा है कि विश्वभर में उसके स्टाफ के 86 सदस्यों के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की खबर है। विश्व निकाय के प्रवक्ता स्टीफन दुजारिक ने कहा कि यूरोप में विश्व निकाय के सर्वाधिक सदस्य कोरोना वायरस के संक्रमण की चपेट में आए हैं।
उन्होंने कहा कि अफ्रीका, एशिया, पश्चिम एशिया और अमेरिका में भी विश्व निकाय के कर्मचारी इस वायरस के संक्रमण की चपेट में आए हैं। उन्होंने बताया कि संक्रमण को रोकने के लिए संयुक्त राष्ट्र के अधिकतर कर्मचारी घर से काम कर रहे हैं।
दुजारिक ने कहा कि न्यूयॉर्क स्थित मुख्यालय में आम दिनों में जहां कर्मचारी 11 हजार बार स्वाइप (आने-जाने के लिए) करते हैं, वहीं शुक्रवार की सुबह इसकी संख्या 140 रही। उन्होंने कहा कि जिनेवा में गुरुवार को कर्मचारियों की संख्या लगभग 4 हजार से घटकर करीब 70 रह गई।
प्रवक्ता ने बताया कि वियेना में संयुक्त राष्ट्र के 97 प्रतिशत से अधिक कर्मचारी घर से काम कर रहे हैं, वहीं अदीस अबाबा, इथियोपिया में 99 प्रतिशत कर्मचारी घर से काम कर रहे हैं।