Publish Date: Thu, 07 May 2020 (11:59 IST)
Updated Date: Thu, 07 May 2020 (12:25 IST)
जयपुर। राजस्थान में कोरोना वायरस संक्रमण से गुरुवार को 2 और लोगों की मौत हो गई और राज्य में इस घातक वायरस से मरने वालों की संख्या बढ़कर अब 95 हो गई है। इस बीच संक्रमण के 38 नए मामले सामने आने से राज्य में कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की कुल संख्या 3,355 हो गई है।
अतिरिक्त मुख्य सचिव स्वास्थ्य रोहित कुमार सिंह ने बताया कि गुरुवार को जयपुर में 1 एवं अजमेर में 1 संक्रमित की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि केवल जयपुर में कोरोना वायरस संक्रमण से 52 लोगों की अब तक मौत हो चुकी है जबकि जोधपुर में 15 रोगियों की मौत हो चुकी है।
हालांकि अधिकारियों का कहना है कि ज्यादातर मामलों में रोगी किसी न किसी अन्य गंभीर बीमारी से भी पीड़ित थे। राज्य में गुरुवार सुबह 9 बजे तक कोरोना वायरस संक्रमण के 38 नए मामले आए जिनमें चित्तौड़गढ़ में 16, जयपुर में 9, पाली में 6, धौलपुर में 4 एवं कोटा में सामने आए 2 नए मामले शामिल हैं। राज्य में संक्रमितों की कुल संख्या 3,355 हो गई है।
राजस्थान में कोरोना वायरस संक्रमण के कुल मामलों में 2 इतालवी नागरिकों के अलावा 61 वे लोग भी हैं जिन्हें ईरान से लाकर जोधपुर एवं जैसलमेर में सेना के आरोग्य केंद्रों में ठहराया गया है। (भाषा)