Publish Date: Sat, 18 Dec 2021 (12:27 IST)
Updated Date: Sat, 18 Dec 2021 (12:30 IST)
ठाणे। नवी मुंबई में घनसोली के एक स्कूल के 16 छात्र कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं और उन्हें स्थानीय कोविड केअर सेंटर में भर्ती कराया गया है। ये आठवीं से 11वीं कक्षा तक के छात्र हैं।
नवी मुंबई नगर निगम के एक अधिकारी ने बताया कि संक्रमित छात्रों में से एक के पिता 9 दिसंबर को कतर से लौटे थे। वह घनसोली के गोथीवली में परिवार के साथ रहते हैं और उनकी कोविड-19 जांच नेगेटिव आई थी, लेकिन जब उनके परिजन की जांच की गई तो स्कूल में कक्षा 11 में पढ़ने वाला उनका बेटा संक्रमित पाया गया।
अधिकारी ने बताया कि इसके बाद शेतकरी शिक्षण संस्था के सभी छात्रों की जांच की गई और अब तक 16 छात्रों के संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। पिछले 3 दिन में अब तक स्कूल के 811 छात्रों की जांच की गई और शनिवार को 600 छात्रों की जांच की जाएगी।