Publish Date: Sat, 21 Mar 2020 (07:30 IST)
Updated Date: Sat, 21 Mar 2020 (07:35 IST)
पेरिस। दुनियाभर में कोरोना वायरस के 2.50 लाख से अधिक मामले सामने आए हैं। एएफपी ने आधिकारिक सूत्रों के आधार पर शुक्रवार को यह आंकड़ा दिया। दुनिया के 163 देशों से इस रोग के कम से कम 2,62,671 मामले सामने आए और 11,169 मरीजों की मौत हो गई।
यह वायरस सबसे पहले चीन में दिसंबर में सामने आया, जहां उसने 80,976 लोगों को संक्रमित किया और 3,248 मरीजों की जान ले ली। इस रोग से सर्वाधिक 4,032 मौतें इटली में हुई हैं और उसके 47,021 मामले सामने आए।
जांच परीक्षण के आधार पर सामने आए ये आंकड़े संक्रमण के वास्तविक आंकड़े का महज एक अंश हो सकते हैं, क्योंकि कई देश बस बहुत गंभीर लक्षण वालों की ही जांच करते हैं।
फ्रांस में कोरोना वायरस से 78 और मौतें, अब तक 450 मरीजों की मौत : फ्रांस में शुक्रवार को कोरोना वायरस से 78 और मौतें हो गईं जिसके साथ ही देश में इस बीमारी से मरने वालों की संख्या बढ़कर 450 हो गई।
फ्रांस के शीर्ष स्वास्थ्य अधिकारी जेरोम सलोमोन ने कहा कि फ्रांस में अब तक 12,612 लोगों के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई। उन्होंने चेतावनी कि इस बीमारी से संक्रमित असली आंकड़ों की तुलना में यह तो बहुत कम आंकड़ा है।
उन्होंने कहा कि इस वायरस के चलते 5,226 लोग अस्पताल में भर्ती कराए गए हैं जिनमें से 1,300 सघन चिकित्सा कक्ष में हैं। उन्होंने कहा कि सघन चिकित्सा कक्ष में भर्ती कराए गए आधे मरीजे तो 60 साल या उसके आसपास के हैं।