Publish Date: Wed, 03 Aug 2022 (15:59 IST)
Updated Date: Wed, 03 Aug 2022 (16:11 IST)
बर्मिंघम: भारत की लवली चौबे और नयनमोनी सैकिया ने बुधवार को यहां राष्ट्रमंडल खेलों की लॉन बॉल्स प्रतियोगिता के महिला पेयर्स में नीयू की हिना रेरेती और ओलिविया बकिंघम को 18-5 से हराया।
लवली और चौबे दोनों उस महिला फोर टीम का भी हिस्सा थे जिसने मंगलवार को दक्षिण अफ्रीका को हराकर ऐतिहासिक स्वर्ण पदक जीता था।भारतीय टीम का सामना अब दक्षिण अफ्रीका से होगा।
इस बीच पुरुष एकल में भारत के मृदुल बोरगोहेन ने फाल्कन आइलैंड्स के क्रिस लोके को एकतरफा मुकाबले में 21-5 से शिकस्त दी।बोरगोहेन ने अपने दूसरे दौर के मैच में शुरू से ही दबदबा बनाया और लोके को वापसी का मौका नहीं दिया। तीसरे दौर में उनका सामना स्कॉटलैंड के इयान मैकलीन से होगा।
मंगलवार को लॉन बॉल्स में बनाया था इतिहास
गौरतलब है कि भारतीय लॉन बॉल टीम ने राष्ट्रमंडल खेलों में मंगलवार को स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया और पूरे देश को इस गुमनाम से खेल को देखने के लिये प्रेरित भी किया।
भारत की लवली चौबे (लीड), पिंकी (सेकंड), नयनमोनी सैकिया (थर्ड) और रूपा रानी टिर्की (स्लिप) की चौकड़ी ने दक्षिण अफ्रीका को फाइनल में 17 . 10 से हराया।
प्रतियोगिता की महिला फोर स्पर्धा में भारत पहली बार उतरा था।भारतीय दल का यह चौथा स्वर्ण है और भारोत्तोलन के अलावा किसी स्पर्धा में पहला स्वर्ण भी है।
एक समय भारतीय टीम 8 . 2 से आगे थी लेकिन थाबेलो मुहांगो (लीड), ब्रिगेट कालित्ज (सेकंड), एस्मी क्रगर (थर्ड) और जोहाना स्नीमैन (स्किप) ने 8. 8 से बराबरी कर ली।
भारतीय खिलाड़ियों ने संयम बरकरार रखते हुए आखिरी तीन दौर जीते।इससे पहले महिला ट्रिपल में भारतीय टीम ने राष्ट्रमंडल शुरुआती मैच में न्यूजीलैंड को 15 . 11 से पराजित किया।
भारत की तानिया चौधरी (लीड), पिंकी (सेकंड) और रूपा रानी टिर्की (स्किप) की तिकड़ी निकोल टॉमी (लीड), तायला ब्रूस (सेकंड) और वैल स्मिथ (स्किप) की कीवी टीम से कहीं बेहतर साबित हुई।
भारत छठे छोर के बाद 6 . 2 से आगे चल रहा था, लेकिन न्यूजीलैंड ने नौवें छोर के बाद स्कोर बराबर कर लिया। भारतीय टीम ने हालांकि अपनी प्रतिद्वंद्वी टीम को वापसी का मौका नहीं दिया और आखिर में मुकाबला जीतने में सफल रही।(भाषा)
webdunia
Publish Date: Wed, 03 Aug 2022 (15:59 IST)
Updated Date: Wed, 03 Aug 2022 (16:11 IST)