Publish Date: Sun, 14 Feb 2010 (18:37 IST)Updated Date: Sun, 14 Feb 2010 (18:36 IST)
ND
पिछले दिनों शहर के कॉलेजों में हर तैयारियों का दौर चल रहा था। कोई वार्षिकोत्सव में तो कोई प्लेसमेंट की तैयारियों में व्यस्त था। कुछ विद्यार्थियों के चेहरे पर प्लेसेमेंट में सिलेक्ट होने की खुशी झलक रही थी तो कुछ सिलेक्ट नहीं हो पाने की वजह से मायूस थे। आईआईपीएस कैम्पस में 'सिनर्जी' के पुरस्कार वितरण को लेकर जश्न का माहौल था तो अरिहंत कॉलेज में 'रक्तदान शिविर' के माध्यम से विद्यार्थियों ने अपनी सामाजिक जिम्मेदारी का निर्वाह किया।
कलर्स की तैयारी में व्यस्त विद्यार्थी : 'स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स' के विद्यार्थी इन दिनों वार्षिकोत्सव 'कलर्स' की तैयारियों में व्यस्त हैं। कोई रजिस्ट्रेशन के जिम्मेदारी संभाल रहा है तो कोई हर दिन होने वाली इवेंट्स की प्लानिंग कर रहा है। मोना माखीजानी ने बताया कि चार दिवसीय 'कलर्स' की शुरुआत 17 फरवरी से होगी। इसमें थीम वीक, ट्रेजर हंट, ब्रांड विस्टा, रॉक कंसर्ट व एड मेड शो जैसे कई आयोजन होंगे। इन कार्यक्रमों में शानदार भागीदारी के लिए सभी विद्यार्थी जुटे हुए हैं।
प्लेसमेंट में सिलेक्ट होंगे जरूर : आईआईपीएस में एमबीए टूरिज्म के विद्यार्थी कैम्पस प्लेसमेंट की तैयारियों में लगे थे। प्लेसमेंट ऑफिसर इमरोज खान ने बताया कि प्लेसमेंट के तहत थॉमस कुक कंपनी ने 31 विद्यार्थियों के लिए ग्रुप डिस्कशन एवं इंटरव्यू आयोजित किए गए थे। इसमें तीन का चयन 3.41 लाख सलाना पैकेज पर किया गया।
रक्तदान के प्रति किया जागरूक : अरिहंत इंस्टीट्यूट ऑफ पैरामेडिकल सांइसेस में बुधवार को रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। सीईओ कविता कासलीवाल ने बताया कि विद्यार्थियों में जागरूकता लाने के उद्देश्य शिविर आयोजित किया गया। इसमें एमजीएम कॉलेज के डॉक्टरों की टीम का विशेष सहयोग रहा।
सिनर्जी के विजेता हुए पुरस्कृत : आईआईपीएस में 'सिनर्जी 2010' के विजेताओं को बुधवार को पुरस्कृत किया गया। अर्पित नीमा ने बताया कि विजेता टीमों को डायरेक्टर डॉ. बीके त्रिपाठी ने पुरस्कार दिए।