Publish Date: Mon, 28 Feb 2011 (20:24 IST)
Updated Date: Mon, 28 Feb 2011 (20:24 IST)
सरकार ने घरेलू और अंतरराष्ट्रीय यात्राओं पर सेवा कर में वृद्धि करने का प्रस्ताव किया है जिसके लागू होने पर पहली अप्रैल से हवाई यात्रा महँगी हो जाएगी।
वित्त मंत्री प्रणब मुखर्जी ने लोकसभा में वित्त वर्ष 2011-12 का बजट पेश करते हुए घरेलू और अंतरराष्ट्रीय यात्राओं पर लगने वाले सेवा कर में क्रमश: 50 रुपए और 250 रुपए की वृद्धि करने का प्रस्ताव किया।
मुखर्जी ने घरेलू क्षेत्र में महँगी श्रेणी की विमान यात्राओं पर 10 प्रतिशत की मानक दर से सेवा कर लगाने का प्रस्ताव किया है। हवाई यात्रा पर सेवा कर में वृद्धि पहली अप्रैल से प्रभावी होगी।
नई घोषणाओं के अनुसार इकोनॉमी क्लास की यात्रा पर 100 रुपए के स्थान पर 150 रुपए लगेंगे जबकि अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए यह दर 500 रुपए के स्थान पर 750 रुपए हेगी।
वित्त मंत्री ने कहा कि घरेलू क्षेत्र में बिजनेस और अन्य महँगी श्रेणी में सेवा कर किराए का 10 प्रतिशत होगी।
मुखर्जी ने राष्ट्रीय विमानन कंपनी एयर इंडिया को राहत दिए जाने की भी घोषणा की और कहा कि अतिरिक्त इक्विटी के जरिए कंपनी को 1200 करोड़ रुपए का बजटीय आवंटन दिया जाएगा।
इस बजट में नागर विमानन मंत्रालय के लिए योजना और गैर योजना खंड में 2,393.88 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। (भाषा)
About Writer
भाषा
भाषा हिन्दी समाचार एजेंसी है, जो कि वेबदुनिया को अनुबंध के तहत देश-विदेश की खबरें उपलब्ध करवाती है।....
और पढ़ें