Publish Date: Mon, 01 Jun 2020 (07:45 IST)
Updated Date: Mon, 01 Jun 2020 (10:07 IST)
मशहूर संगीतकार वाजिद खान का निधन हो गया है। उनके निधन से बॉलीवुड में शोक की लहर दौड़ गई है। वाजिद खान को लेकर हस्तियों से लेकर उनके समर्थक तक शोक जाहिर कर रहे हैं। वाजिद ने अपने भाई साजिद के साथ मिलकर कई फिल्मों में संगीत दिया है। साजिद-वाजिद अभिनेता सलमान खान के सबसे करीबी रहे। उनकी कई हिट फिल्मों के अलावा विदेशों में होने वाले कॉन्सर्ट में भी वे सलमान के साथ रहते थे। साजिद-वाजिद की जोड़ी को सलमान खान ने अपनी फिल्मों में खूब मौके दिए थे।
खबरों के मुताबिक वाजिद खान किडनी की बीमारियों से पीड़ित थे और उनकी हालत बिगड़ने के बाद उन्हें मुंबई के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। 42 वर्षीय वाजिद खान को मुंबई के चेंबुर में एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। कुछ महीने पहले ही उनकी किडनी ट्रांसप्लांट की गई थी, लेकिन उनकी तबीयत ठीक नहीं थी। कुछ दिन पहले ही जांच में कोरोना संक्रमित भी पाया गया था।
वाजिद के भाई साजिद ने पीटीआई से कहा कि उनका निधन दिल का दौरा पड़ने से हुआ। उन्होंने कुछ दिन पहले वाजिद को कोविड-19 होने की पुष्टि होने की जानकारी भी दी।
खबरों के मुताबिक रविवार शाम को उनकी हालत बिगड़ गई और तमाम कोशिशों के बाद भी डॉक्टर उन्हें बचा नहीं पाए, क्योंकि किडनी की समस्या के कारण उनका इम्युनिटी लेवल बहुत कम हो गया था।
बॉलीवुड हस्तियों ने जताया शोक : वाजिद के निधन पर कई बॉलीवुड हस्तियों ने सोशल मीडिया पर शोक जताया है। अभिनेता वरुण धवन ने ट्वीट में लिखा- 'वाजिद खान भाई मेरे और मेरे परिवार के बेहद करीब थे। वे आसपास रहने वाले सबसे सकारात्मक लोगों में से एक थे। हम आपको याद करेंगे वाजिद भाई। संगीत के लिए धन्यवाद।'
फिल्म अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा ने वाजिद खान के निधन पर शोक जताया है। प्रियंका चोपड़ा ने ट्वीट किया, दुखद समाचार। एक बात जो मुझे हमेशा याद रहेगी वो है वाजिद भाई की हंसी। हमेशा मुस्कुराते रहते थे। बहुत जल्द चले गए। उनके परिवार और शोक व्यक्त करने वाले लोगों के प्रति मेरी संवेदना। आपकी आत्मा को शांति मिले मेरे दोस्त।
इन हिट फिल्मों में दिया संगीत : वाजिद खान ने सलमान खान की फिल्म 'दबंग', 'वांटेड', 'वीर', 'नो प्रॉब्लम', 'गॉड तुस्सी ग्रेट हो', 'पार्टनर' सहित कई और फिल्मों में गाना भी गाया है। साजिद-वाजिद की जोड़ी ने 'एक था टाइगर', 'दबंग', 'दबंग2', 'दबंग 3', 'पार्टनर', 'सन ऑफ सरदार', 'राउड़ी राठौर', 'हाउसफुल 2' जैसी हिट फिल्मों में संगीत दिया था।
webdunia
Publish Date: Mon, 01 Jun 2020 (07:45 IST)
Updated Date: Mon, 01 Jun 2020 (10:07 IST)