Publish Date: Wed, 02 Sep 2026 (11:42 IST)
Updated Date: Wed, 02 Sep 2026 (11:44 IST)
नेपाल में कुदरत के कहर और विनाशकारी बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है। इस त्रासदी में सैकड़ों लोगों ने अपने अपनों को खो दिया है और कई परिवार अब भी अपनों की तलाश में दर-दर भटक रहे हैं। आपदा के इस मुश्किल वक्त में बॉलीवुड अभिनेता सोनू सूद एक बार फिर देश की सीमाओं से परे इंसानियत की मिसाल पेश करने सामने आए हैं।
मुश्किल में फंसे लोगों की मदद के लिए सोनू सूद खुद ग्राउंड जीरो पर नेपाल पहुंचे हैं और बाढ़ पीड़ितों के साथ मजबूती से खड़े नजर आ रहे हैं। सोनू सूद ने नेपाल दौरे के दौरान प्रभावित लोगों के साथ अपनी तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा कीं। इन तस्वीरों में वे पीड़ित परिवारों का दुख-दर्द बांटते दिखाई दे रहे हैं।
सोनू ने एक बेहद भावुक संदेश पोस्ट करते हुए लिखा, उन्होंने अपना घर खो दिया, अपने परिवार को खो दिया और अपना बचपन भी गंवा दिया... लेकिन हम सब मिलकर उन्हें एक नई शुरुआत दिलाने में मदद करेंगे। नेपाल, तुम अकेले नहीं हो।
न्यूज एजेंसी ANI से बातचीत में सोनू सूद ने जमीनी हालात और अपनी टीम के प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उनकी संस्था भारत से बड़े पैमाने पर राहत सामग्री नेपाल लेकर पहुंची है। सोनू सूद ने कहा, हम यहां बाढ़ पीड़ितों से मिलने और उनका सहारा बनने आए हैं। हम भारत से भारी मात्रा में राशन और कंबल लेकर आए हैं। हमारा एकमात्र मकसद उन लोगों तक पहुंचना है जिन्हें इस समय मदद की सबसे ज्यादा जरूरत है।
उन्होंने कहा, सीमा पार भारत से नेपाल सामान भेजना एक बड़ी चुनौती होती है क्योंकि इसके लिए बहुत सारे वालंटियर्स और मैनपावर की जरूरत पड़ती है। लेकिन हम वादा करते हैं कि यह मदद सिर्फ इस महीने तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि आने वाले महीनों में भी लगातार राहत सामग्री भेजी जाती रहेगी।
कोरोना महामारी के दौरान प्रवासियों के मसीहा बनकर उभरे सोनू सूद की इस पहल की सोशल मीडिया पर जबरदस्त तारीफ हो रही है। फैंस उन्हें देश का असली हीरो बता रहे हैं। एक यूजर ने कमेंट किया, 'पर्दे पर भले ही सबसे बेहतरीन विलेन हों, लेकिन असल जिंदगी में सच्चे हीरो हैं।' वहीं दूसरे यूजर ने लिखा, 'मसीहा ऑन ड्यूटी! हमें आप पर गर्व है।'
नेपाल में तबाही का खौफनाक मंजर: सैकड़ों मौतें और हजारों लापता
नेपाल के राष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण एवं प्रबंधन प्राधिकरण (NDRRMA) के अनुसार, इस भयावह बाढ़ और भूस्खलन ने बड़े पैमाने पर जन-धन की हानि की है। आंकड़ों के मुताबिक, इस त्रासदी में 939 लोगों की जान जा चुकी है, जबकि 3,925 लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं, जिनमें 592 विदेशी नागरिक शामिल हैं।
About Writer
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम बॉलीवुड, टेलीविजन और डिजिटल मीडिया की ताजातरीन खबरों पर नज़र रखती है। यह टीम सिनेमा से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी को अपने पाठकों तक पहुंचाती है, चाहे वो फिल्मों की समीक्षा, सेलिब्रिटी इंटरव्यू, विश्लेषण, फोटो फीचर हो या फिर ट्रेंडिंग इवेंट्स। टीम का उद्देश्य पाठकों को मनोरंजन....
और पढ़ें