ramcharitmanas

Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

रिलीज से पहले ही बॉक्स ऑफिस पर 'रामायण' का डंका, एडवांस बुकिंग में बिकीं सवा दो लाख से ज्यादा टिकटें

Advertiesment
Ramayana advance booking
सिनेमाघरों में रिलीज से पहले ही नितेश तिवारी की बहुचर्चित फिल्म 'रामायण' बॉक्स ऑफिस पर नए कीर्तिमान गढ़ने की राह पर निकल चुकी है। रणबीर कपूर, यश और साई पल्लवी के मुख्य किरदारों से सजी इस भव्य पौराणिक गाथा ने शुरुआती टिकट बिक्री में ही तगड़ी रफ्तार पकड़ ली है। दशहरा के मौके पर एडवांस बुकिंग की खिड़की खुलते ही दर्शकों का ऐसा हुजूम उमड़ा कि चंद दिनों में ही फिल्म ने 13.14 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है। अब तक देश भर में करीब 2.43 लाख टिकटें हाथों-हाथ बिक चुकी हैं।
 
कमाई के इस शुरुआती दौर में हिंदी दर्शकों का क्रेज सबसे ऊपर नजर आ रहा है, जहां से अकेले 11.34 करोड़ रुपये की एडवांस बुकिंग दर्ज की गई है। वहीं कन्नड़ संस्करण 1.38 करोड़ रुपये के साथ दूसरे पायदान पर है, जबकि तेलुगु भाषा में फिल्म ने 42.33 लाख रुपये बटोर लिए हैं।
 
शहरों के मिजाज की बात करें तो दिल्ली-एनसीआर के दर्शक सबसे आगे हैं, जहां 35 हजार से अधिक टिकटों की बदौलत 2.62 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ है। मुंबई 1.94 करोड़ रुपये के साथ दूसरे और बेंगलुरु 1.75 करोड़ रुपये के साथ तीसरे नंबर पर बना हुआ है। इसके अलावा हैदराबाद (78 लाख रुपये) और पुणे (57 लाख रुपये) में भी दर्शकों के बीच गजब की दीवानगी देखी जा रही है।

 
फिल्म को लेकर निर्देशक नितेश तिवारी का कहना है कि रामायण का कैनवास इतना विशाल है कि इसे किसी एक फिल्म में समेटना मुमकिन नहीं था। यही वजह है कि इसे दो भागों में पेश करने का फैसला लिया गया। फिल्म का पहला हिस्सा दर्शकों को एक ऐसे सस्पेंस और कौतूहल भरे मोड़ पर छोड़ेगा, जहां से दूसरे भाग के लिए उत्सुकता कई गुना बढ़ जाएगी। 'रामायण पार्ट-2' को साल 2027 में बड़े पर्दे पर उतारने की तैयारी है।
 
फिल्म में जहां रणबीर कपूर मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के स्वरूप में हैं, वहीं साई पल्लवी माता सीता और साउथ सुपरस्टार यश दशानन रावण के दमदार तेवर में नजर आएंगे। इनके अलावा सनी देओल, अनुपम खेर, अरुण गोविल, रवि दुबे, लारा दत्ता, रकुल प्रीत सिंह और विवेक ओबेरॉय जैसे दिग्गज कलाकारों की मौजूदगी ने दर्शकों के रोमांच को सातवें आसमान पर पहुंचा दिया है।

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

रामायण पार्ट 1 मूवी प्रिव्यू: रणबीर कपूर की फिल्म की कहानी, बजट, स्टारकास्ट और रिलीज डेट