Publish Date: Thu, 17 Dec 2020 (14:06 IST)
Updated Date: Thu, 17 Dec 2020 (14:08 IST)
बॉलीवुड एक्टर पंकज त्रिपाठी ने अपनी बेहतरीन अदाकारी से एक अलग पहचान बनाई है। उनके पास कई प्रोजेक्ट्स की कतारें लगी हुई है। इन दिनों वह अपनी अगली फिल्म 'कागज' को लेकर चर्चा में बने हुए हैं। इस फिल्म में वह लीड रोल में नजर आएंगे।
फिल्म में पंकज त्रिपाठी को आमजगढ़ के रहने वाले लाल बिहारी 'मृतक' का किरदार निभाते हुए देखा जाएगा। जिसे उत्तर प्रदेश के लैंड रेवेन्यू रिकॉर्ड में मृत घोषित कर दिया गया था। इसके बाद उसे खुद को जिंदा साबित करने के लिए 19 साल तक लड़ाई लड़नी पड़ी।
इस फिल्म का पोस्टर भी रिलीज कर दिया गया है। इसमें पंकज की पीठ दिखाई दे रही हैं और वह आस-पास अलमारियों में कागजों की गठरियों के बीच खड़े हुए हैं। सतीश कौशिक के निर्देशन में बन रही इस फिल्म को सलमान खान का प्रोडक्शन हाउस प्रोड्यूस कर रहा है। सतीश कौशिक को भी इसमें अहम किरदार निभाते देखा जाएगा।
सतीश कौशिक ने कहा, मैंने लाल बिहारी की कहानी एक न्यूज में पढ़ी थी। मैं इससे बहुत प्रेरित हुआ। इसे पढ़ने के बाद मुझे लगा कि यह कहानी सभी को पता होनी चाहिए। इस अच्छे काम के लिए सलमान खान के बैनर और जी5 से बेहतरीन कुछ नहीं हो सकता।
वहीं पंकज त्रिपाठी ने इसे लेकर कहा कि यह कहानी शानदार तरीके से लिखी गई है। यह एक ब्लैक कॉमेडी है। जो अपनी पहचान हासिल करने की एक आम आदमी के सफर को दिखाती है। मैंने हाल ही में जो किरदार निभाए हैं यह उनसे बिल्कुल अलग है और मैं इसका हिस्सा बनकर बेहद खुश हूं।
बता दें कि 'कागज' 7 जनवरी को जी5 पर रिलीज की जाएगी। इसे उत्तर प्रदेश के कुछ सिनेमाघरों में भी रिलीज किया जा रहा है। इसे सलमान खान के साथ निशांत कौशिक और विकास मालू भी प्रोड्यूस कर रहे हैं।