Publish Date: Fri, 13 Nov 2026 (13:30 IST)
Updated Date: Fri, 13 Nov 2026 (13:33 IST)
हिंदी और बंगाली सिनेमा की दिग्गज अभिनेत्री मौसमी चटर्जी पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनके पति और जाने-माने फिल्म एवं टेलीविजन निर्माता जयंत मुखर्जी का निधन हो गया है। परिवार और करीबी दोस्तों के बीच प्यार से 'बाबू' के नाम से पहचाने जाने वाले जयंत मुखर्जी लंबे समय से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे थे।
जयंत मुखर्जी ने 12 नवंबर को अंतिम सांस ली। फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (FWICE) के अध्यक्ष बीएन तिवारी ने उनके निधन की आधिकारिक पुष्टि की है। इस खबर के सामने आते ही बॉलीवुड और बंगाली फिल्म जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।
दिग्गज संगीतकार हेमंत कुमार के बेटे थे जयंत मुखर्जी
जयंत मुखर्जी भारतीय संगीत और सिनेमा के एक बेहद प्रतिष्ठित परिवार से ताल्लुक रखते थे। वे महान पार्श्वगायक और संगीतकार हेमंत कुमार के पुत्र थे। जहां एक ओर उनके पिता ने अपनी मखमली आवाज और संगीत से भारतीय सिनेमा में अमिट छाप छोड़ी, वहीं जयंत ने पर्दे के पीछे रहकर फिल्म और टीवी निर्माण के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई।
अपनी सुपरस्टार पत्नी मौसमी चटर्जी के मुकाबले जयंत हमेशा लाइमलाइट से दूर रहना पसंद करते थे। उन्होंने साल 1975 में रिलीज हुई फिल्म 'मजाक' और 1979 में आई 'दो लड़के दोनों कड़के' जैसी फिल्मों का निर्माण किया। इसके अलावा, साल 1992 में प्रसारित हुए चर्चित टेलीविजन धारावाहिक 'तलाश' से भी वे बतौर निर्माता जुड़े रहे, जिसमें मौसमी चटर्जी ने मुख्य भूमिका निभाई थी।
मौसमी चटर्जी और जयंत मुखर्जी का वैवाहिक जीवन 50 वर्षों से भी अधिक समय तक चला, जो फिल्म इंडस्ट्री में एक मिसाल माना जाता है। मौसमी ने बहुत कम उम्र में ही जयंत से शादी कर ली थी। उस समय वे स्कूल में पढ़ रही थीं और बंगाली फिल्म 'बालिका बधू' से अभिनय की दुनिया में कदम रख चुकी थीं। दोनों की शादी का किस्सा भी बेहद रोचक रहा है।
दरअसल, हेमंत कुमार और मौसमी का परिवार एक-दूसरे के काफी करीब था। एक बार किसी पत्रिका में मौसमी और हेमंत कुमार के परिवार को लेकर एक अफवाह छप गई, वहीं दूसरी ओर मौसमी की एक बीमार बुआ की अंतिम इच्छा अपनी भतीजी को दुल्हन बनते देखने की थी। ऐसे में हेमंत कुमार ने आगे बढ़कर मौसमी को अपनी बहू बनाने का ऐलान किया और दोनों की शादी हो गई।
जयंत मुखर्जी और मौसमी चटर्जी की दो बेटियां थीं—पायल और मेघा। हालांकि, दिसंबर 2019 में इस दंपति को गहरा सदमा लगा था, जब उनकी बड़ी बेटी पायल का 45 वर्ष की आयु में निधन हो गया था। पायल लंबे समय से जुवेनाइल डायबिटीज से पीड़ित थीं और बीमारी के कारण काफी समय तक कोमा में भी रही थीं। अब जयंत मुखर्जी के निधन के बाद उनके परिवार में पत्नी मौसमी चटर्जी और छोटी बेटी मेघा हैं।
About Writer
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम बॉलीवुड, टेलीविजन और डिजिटल मीडिया की ताजातरीन खबरों पर नज़र रखती है। यह टीम सिनेमा से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी को अपने पाठकों तक पहुंचाती है, चाहे वो फिल्मों की समीक्षा, सेलिब्रिटी इंटरव्यू, विश्लेषण, फोटो फीचर हो या फिर ट्रेंडिंग इवेंट्स। टीम का उद्देश्य पाठकों को मनोरंजन....
और पढ़ें