पूर्व मिस वर्ल्ड और बॉलीवुड एक्ट्रेस मानुषी छिल्लर 14 मई को अपना बर्थडे सेलिब्रेट कर रही हैं। मानुषी ने अब तक 5 फिल्मों में एक्टिंग की है, लेकिन सभी असफल रही है। मानुषी ने अपने करियर की शुरुआत बतौर मॉडल की थीं। उन्होंने साल 2017 में मिस वर्ल्ड का ताज अपने नाम किया था।
मानुषी मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता जीतने वाली छठी भारतीय महिला हैं। हरियाणा के रोहतक में जन्मी मानुषी के पिता डॉ. मित्रा बसु छिल्लर रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन में वैज्ञानिक हैं, जबकि उनकी मां डॉ. नीलम छिल्लर मानव व्यवहार और संबद्ध विज्ञान संस्थान में न्यूरोकेमिस्ट्री की एसोसिएट प्रोफेसर और विभागाध्यक्ष हैं।
मानुषी छिल्लर ने नई दिल्ली के सेंट थॉमस स्कूल से पढ़ाई की है। वह 12वीं क्लास में अंग्रेजी विषय में अखिल भारतीय सीबीएसई टॉपर रही हैं। मानुषी ने सोनीपत के भगत फूल सिंह मेडिकल कॉलेज से एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी की है। उन्होंने नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा में भी पढ़ाई की है।
मानुषी ट्रेंड कुचिपुड़ी डांसर हैं। उन्होंने दिग्गज नर्तक राजा और राधा रेड्डी और कौशल्या रेड्डी से प्रशिक्षण लिया है। मिस वर्ल्ड का खिताब जीतने के बाद मानुषी ने बतौर एक्ट्रेस बॉलीवुड में एंट्री की। उन्होंने साल 2022 में अक्षय कुमार के साथ फिल्म 'सम्राट पृथ्वीराज' से बॉलीवुड में डेब्यू किया।
इसके बाद वह विक्की कौशल के साथ द ग्रेट इंडियन फैमिली, ऑपरेशन वेलेन्टाइन, बड़े मियां छोटे मियां और तेहरान जैसी फिल्मों में नजर आईं। हालांकि सभी फिल्में बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप साबित हुई।