sawan somwar

Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

'आदिपुरुष' पर मनोज मुंतशिर का छलका दर्द, बोले— फिल्म का बचाव करना जीवन की सबसे बड़ी भूल

Advertiesment
Manoj Muntashir Adipurush
साल 2023 में रिलीज हुई फिल्म 'आदिपुरुष' बॉक्स ऑफिस पर डिजास्टर साबित हुई थी। ओम राउत के निर्देशन में बनी इस फिल्म में प्रभास, सैफ अली खान और कृति सेनन लीड रोल में नजर आए थे। भव्य बजट और महाकाव्य रामायण पर आधारित होने के कारण इस फिल्म से देश और दुनिया के दर्शकों को अपार उम्मीदें थीं। 
 
हालांकि, रिलीज के तुरंत बाद फिल्म के विजुअल इफेक्ट्स (VFX) और अमर्यादित संवादों के कारण इसे देशभर में भारी जन-आक्रोश का सामना करना पड़ा। उस समय टीवी चैनलों पर जाकर फिल्म और उसके संवादों का पुरजोर बचाव करने वाले मशहूर गीतकार और लेखक मनोज मुंतशिर ने अब अपनी गलती स्वीकार कर ली है। 
मनोज का कहना है कि न केवल 'आदिपुरुष' के संवाद लिखना, बल्कि सार्वजनिक मंचों पर इसका बचाव करना भी उनके जीवन की सबसे बड़ी गलती है। 'टाइम्स नाउ' के पॉडकास्ट में बातचीत के दौरान मनोज मुंतशिर ने इस पूरे विवाद पर खुलकर अपनी बात रखी। 
 
webdunia
मनोज ने खुलासा किया कि फिल्म रिलीज होने से लगभग छह महीने पहले ही जब पहला टीज़र आया था, तभी से लोगों ने इसका विरोध और ट्रोलिंग शुरू कर दी थी। उस दौरान उनकी पत्नी ने उन्हें सलाह दी थी कि वे इस प्रोजेक्ट का चेहरा न बनें और न ही इसका सार्वजनिक रूप से बचाव करें।
 
मनोज ने कहा, आज जब मैं पीछे मुड़कर देखता हूं, तो मुझे लगता है कि काश मैंने अपनी पत्नी की बात मान ली होती। उस समय मैं थोड़ा बेपरवाह था। मुझे दर्शकों के गुस्से और आघात की गहराई को समझने में कम से कम दो दिन का समय लगा।
आदिपुरुष मेरी जिंदगी की सबसे बड़ी गलती 
मनोज मुंतशिर ने बिना किसी झिझक के अपनी गलती स्वीकार करते हुए कहा कि 'आदिपुरुष' से जुड़ना और बाद में मीडिया में जाकर उसका बचाव करना उनके करियर का सबसे शर्मनाक मोड़ था। उन्होंने कहा, आदिपुरुष मेरी जिंदगी की सबसे बड़ी भूल थी, और उस फिल्म का बचाव करना उससे भी बड़ी गलती। जो कुछ भी फिल्म के आसपास हुआ, उससे मैं बेहद शर्मिंदा हूं। मैं अपने देशवासियों से उन सभी बातों के लिए हाथ जोड़कर क्षमा मांगता हूं।
 
मनोज ने यह भी माना कि वे एक लेखक के तौर पर मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम और संकटमोचन भगवान हनुमान के चरित्र के साथ न्याय करने में पूरी तरह असमर्थ रहे। मनोज ने कहा कि रिलीज के समय हनुमान जी से जुड़े उनके कुछ बयानों को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया था, लेकिन वे अब उन विवादित पंक्तियों के लेखन का कोई औचित्य नहीं सिद्ध करना चाहते। उन्होंने अफसोस जताते हुए कहा, अब जब मैं उन पंक्तियों को दोबारा देखता हूं, तो मुझे खुद पर शर्म आती है। मुझे नहीं पता कि उन्हें लिखते समय मेरे दिमाग में क्या चल रहा था।
 
निदेशक ओम राउत के निर्देशन में बनी और टी-सीरीज तथा रेट्रोफाइल्स द्वारा निर्मित 'आदिपुरुष' में दक्षिण भारतीय सुपरस्टार प्रभास (राघव/भगवान राम), कृति सेनन (जानकी/सीता), सैफ अली खान (लकेश/रावण), सनी सिंह (शेष/लक्ष्मण) और देवदत्त नागे (बजरंग/हनुमान) ने मुख्य भूमिकाएं निभाई थीं। लगभग 600 करोड़ के विशाल बजट में बनी यह फिल्म भारतीय सिनेमा की सबसे महंगी फिल्मों में से एक थी।
 
16 जून 2023 को सिनेमाघरों में उतरी इस फिल्म ने शुरुआती दिनों में बंपर ओपनिंग की, लेकिन आधुनिक टोन, विवादित संवादों और हॉलीवुड शैली के विजुअल्स के कारण दर्शकों ने इसे पूरी तरह नकार दिया। भारी विरोध के चलते निर्माताओं को बाद में फिल्म के कुछ संवाद बदलने भी पड़े थे। 

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

NEET पेपर लीक मामला: छात्रों के समर्थन में उतरीं अभिनेत्री ज्योतिका, शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की उठाई मांग