Publish Date: Thu, 09 Sep 2021 (11:07 IST)
Updated Date: Thu, 09 Sep 2021 (11:10 IST)
एक्टर रजत बेदी ने बीते दिनों मुंबई में एक राहगीर को अपनी गाड़ी से टक्कर मार दी थी। टक्कर होने के बाद रजत घायल शख्स को कूपर अस्पताल में ले गए थे और उन्होंने कहा था कि वे इलाज का सारा खर्चा उठाएंगे। डीएन नगर पुलिस स्टेशन में रजत के खिलाफ आईपीसी और मोटर वाहन अधिनियम के तहत शिकायत दर्ज की थी।
वही अब इस मामले में रजत बेदी की मुश्किलें बढ़ने वाली है। खबरों के अनुसार उस घायल शख्स की मौत हो गई है। पुलिस ने रजत बेदी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। उन पर धारा 304-ए (लापरवाही के कारण मौत की वजह बनना) लगाई गई है।
रजत बेदी को अभी तक गिरफ्तार नहीं किया गया है। पुलिस अधिकारी ने कहा, दुर्घटना में घायल व्यक्ति एक मजदूर था और कूपर अस्पताल में उसे मृत घोषित कर दिया गया। पिछले दो दिनों से उसका इलाज चल रहा था।
रजत बेदी ज्यादातर फिल्मों में सपोर्टिंग रोल में ही नजर आते हैं। उन्होंने बड़ी फिल्में जरूर की, लेकिन कोई यादगार रोल अब तक नहीं निभाया है।