Publish Date: Mon, 19 Dec 2016 (12:11 IST)
Updated Date: Mon, 19 Dec 2016 (13:36 IST)
1988 में बीआर चोपड़ा द्वारा निर्मित टीवी धारावाहिक 'महाभारत' ने ऐतिहासिक सफलता हासिल की थी। जिन्होंने उस दौर में इस धारावाहिक को देखा है वे आज भी इसे नहीं भूले हैं। दूरदर्शन पर यह 2 अक्टूबर 1988 से शुरू हुआ और 24 जून 1990 तक चला। 94 एपिसोड तक चले इस धारावाहिक का जब प्रसारण होता था तो सड़कें सूनी हो जाया करती थी। इसका निर्देशन रवि चोपड़ा ने किया था।
इसी धारावाहिक को अब ऑल इंडिया रेडियो पर ब्रॉडकास्ट किया जाएगा। 19 दिसम्बर से यह शुरू हो गया है। बिहार, छत्तीसगढ़, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, झारखंड, मध्य प्रदेश, मेघालय, पंजाब, राजस्थान, उत्तरांचल, उत्तर प्रदेश और दिल्ली में यह सुना जा सकेगा। इसके अलावा दिल्ली, मुंबई, कोलकाता और चेन्नई के एफएम गोल्ड स्टेशन्स पर भी यह सुना जा सकेगा।
रेडियो पर इस शो को 140 एपिसोड्स में बांटा गया है। प्रत्येक एपिसोड 30 मिनट का होगा। प्रत्येक सोमवार से शुक्रवार सुबह 11.30 पर इसका प्रसारण होगा।