Publish Date: Friday, 30 January 2026 (17:42 IST)
Updated Date: Friday, 30 January 2026 (01:44 IST)
फिल्म केदारनाथ पर संकट के बादल छा गए हैं। निर्देशक अभिषेक कपूर की निर्माता से बन नहीं रही है और फिल्म की शूटिंग रूकने की खबर है।
निर्माता अब फिल्म से अलग होना चाहते हैं। इसको लेकर फिल्म की हीरोइन सारा अली खान की मां अमृता सिंह परेशान हो गई हैं।
सुनने में आया है कि उन्होंने अभिषेक से इस बारे में बातचीत भी की है। अमृता जानती हैं कि यह उनकी बेटी की पहली फिल्म है और उसके करियर के लिए कितनी महत्वपूर्ण है।
गोलमाल अगेन की सफलता के बाद रोहित शेट्टी 'सिम्बा' नामक फिल्म बनाने जा रहे हैं। इसमें रणवीर सिंह हीरो रहेंगे। पद्मावत में खिलजी का किरदार निभाने के बाद रणवीर की लोकप्रिता बहुत बढ़ गई है। गौरतलब है कि 'सिम्बा' पहले सारा अली खान को ही ऑफर की गई थी, लेकिन उन्होंने इसे ठुकरा दी।
बाद में खबर आई कि श्रीदेवी की बेटी जाह्नवी 'सिम्बा' में नजर आ सकती हैं, लेकिन अभी तक इस पर मुहर नहीं लगी। 'सिम्बा' में हीरोइन की जगह अभी भी खाली है।
सूत्रों के अनुसार सारा की मां अमृता चाहती हैं कि 'सिम्बा' से सारा अली खान जुड़ जाए। अगर ऐसा होता है तो संभव है कि सिम्बा सारा की रिलीज होने वाली पहली फिल्म बन जाए क्योंकि फिल्म 'केदारनाथ' का विवाद यदि जल्दी नहीं सुलझता है तो इस फिल्म की रिलीज टल सकती है।
'सिम्बा' से करण जौहर भी जुड़े हुए हैं जिन्हें नए सितारों को लांच करने में मजा आता है। आने वाले दिनों में स्थिति स्पष्ट होगी।