Publish Date: Thu, 15 Oct 2026 (17:58 IST)
Updated Date: Thu, 15 Oct 2026 (18:00 IST)
साउथ सिनेमा के सुपरस्टार रजनीकांत की मोस्टअवेटेड फिल्म 'जेलर 2' सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है। इस फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। फिल्म में मोहनलाल, जैकी श्रॉफ और विजय सेतुपति जैसे कई स्टार्स का कैमियो हैं।
इतना ही नहीं 'जेलर 2' में बॉलीवुड के 'ग्रीक गॉड' रितिक रोशन भी नजर आए। फिल्म में रितिक 'रॉडी' का रोल निभा रहे हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि रितिक रोशन और रजनीकांत का यह संगम पहली बार नहीं हो रहा है? आज से करीब चार दशक पहले भी ये दोनों सितारे एक साथ एक ही फ्रेम में नजर आ चुके हैं, जब रितिक केवल नौ साल के थे।
बात साल 1986 की है, जब एक्शन-ड्रामा फिल्म 'भगवान दादा' रिलीज़ हुई थी। इस फिल्म में रजनीकांत ने मुख्य भूमिका निभाई थी और उनके साथ नजर आए थे 9 साल के बाल कलाकार रितिक रोशन। रितिक ने फिल्म में रजनीकांत के गोद लिए बेटे का किरदार निभाया था।
दिलचस्प बात यह भी है कि इस फिल्म का निर्देशन रितिक रोशन के नाना जे. ओम प्रकाश ने किया था, जबकि उनके पिता राकेश रोशन ने फिल्म में पिस्तौलधारी किरदार निभाया था।
40 साल बाद बदला अंदाज़: अब 'रॉडी' बनकर करेंगे मदद
अब 40 साल बाद निर्देशक नेल्सन दिलीपकुमार के निर्देशन में बनी 'जेलर 2' में रजनीकांत अपने चर्चित किरदार 'टाइगर मुथुवेल' के रूप में वापसी की है। इस बार मुथुवेल के सामने नई और खतरनाक चुनौतियां होंगी, जिनसे निपटने के लिए वह अपने पुराने और नए साथियों को याद करता है।
इसी मोड़ पर एंट्री होती है रितिक रोशन की, जो फिल्म में 'रॉडी' नाम का दमदार किरदार निभा रहे हैं। कहानी के मुताबिक, रॉडी और मुथुवेल का रिश्ता 20 साल पुराना है। अतीत में मुथुवेल ने रॉडी की मदद की थी और अब रॉडी अपने पुराने मददगार का साथ देने और उनके दुश्मनों का सफाया करने लौट रहा है।
'जेलर 2' की मल्टी-स्टारर स्टारकास्ट
'जेलर 2' को भारतीय सिनेमा की सबसे बड़ी मल्टी-स्टारर फिल्मों में से एक माना जा रहा है। फिल्म में रजनीकांत और ऋतिक रोशन के अलावा विद्या बालन, मिथुन चक्रवर्ती, जैकी श्रॉफ, एस.जे. सूर्या, मोहनलाल जैसे दिग्गज कलाकार अपनी अदाकारी का जलवा बिखेरते नजर आ रहे हैं।
रितिक रोशन ने एक इंटरव्यू के दौरान 'भगवान दादा' की शूटिंग के दिनों को याद करते हुए रजनीकांत के बड़प्पन और विनम्रता का एक अनसुना किस्सा साझा किया था। रितिक ने बताया था कि बचपन में जब भी वे डायलॉग बोलने में कोई गलती करते थे और निर्देशक 'कट' बोलते थे, तो रजनीकांत तुरंत कहते थे, "सॉरी-सॉरी, गलती मुझसे हुई।"
रितिक के मुताबिक, रजनी सर जानबूझकर मेरी गलती का इल्ज़ाम अपने सिर ले लेते थे ताकि 9 साल के एक बच्चे के तौर पर मुझे ऐसा न लगे कि मेरी वजह से टेक खराब हुआ है। उनका यह व्यवहार मेरे लिए बहुत बड़ा सहारा था।
About Writer
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम बॉलीवुड, टेलीविजन और डिजिटल मीडिया की ताजातरीन खबरों पर नज़र रखती है। यह टीम सिनेमा से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी को अपने पाठकों तक पहुंचाती है, चाहे वो फिल्मों की समीक्षा, सेलिब्रिटी इंटरव्यू, विश्लेषण, फोटो फीचर हो या फिर ट्रेंडिंग इवेंट्स। टीम का उद्देश्य पाठकों को मनोरंजन....
और पढ़ें