Publish Date: Friday, 30 January 2026 (17:42 IST)
Updated Date: Friday, 30 January 2026 (01:44 IST)
अक्षय कुमार वर्षों से बॉलीवुड में हैं। यश राज फिल्म्स भी लंबे समय से फिल्में बना रहा है। लेकिन दोनों ने साथ में काम ज्यादा नहीं किया है। अक्षय ने अपने करियर की शुरुआत में 'ये दिल्लगी' नामक फिल्म की थी।
इसके बाद यश चोपड़ा द्वारा निर्देशित फिल्म 'दिल तो पागल है' में अक्षय ने छोटा किंतु महत्वूर्ण रोल निभाया था। इसके बाद 'टशन' नामक फिल्म की अक्षय ने इस बैनर के लिए की थी, लेकिन फिल्म असफल रही थी।
अब एक बार फिर दोनों के साथ में फिल्म करने की खबरें आ रही हैं। सूत्रों के अनुसार यश राज फिल्म्स के आदित्य चोपड़ा, अक्षय कुमार की वर्तमान कामयाबी से बेहद प्रभावित हैं।
अक्षय कुमार की पिछली कुछ फिल्में लगातार बॉक्स ऑफिस पर सफल रही हैं। उन्होंने लीक से हट कर फिल्में भी हैं। जॉली एलएलबी 2, टॉयलेट एक प्रेम कथा, एअरलिफ्ट, पैडमैन जैसी फिल्मों में अक्षय ने अपनी छवि से अलग भूमिकाएं निभाई हैं। इन फिल्मों को सफलता भी मिली है।
सूत्रों के अनुसार इसी तरह की एक फिल्म यश राज फिल्म्स बनाने जा रहा है जिसमें लीड रोल अक्षय कुमार निभा सकते हैं। कुछ बातें तय होना बाकी है। इनके तय होने पर ही घोषणा की जाएगी।