biodatamaker

Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

क्या '3 इडियट्स' में आमिर खान का किरदार सोनम वांगचुक से था प्रेरित? सालों बाद सामने आया सच

Advertiesment
Aamir Khan
फिल्म '3 इडियट्स' में आमिर खान द्वारा निभाया गया 'फुंसुख वांगडू' उर्फ 'रैंचो' का किरदार आज भी भारतीय सिनेमा के सबसे लोकप्रिय किरदारों में से एक है। सालों से यह माना जाता रहा है कि यह किरदार लद्दाख के प्रसिद्ध इंजीनियर, इनोवेटर और शिक्षा सुधारक सोनम वांगचुक के जीवन से प्रेरित था। 
 
लेकिन अब खुद 'मिस्टर परफेक्शनिस्ट' आमिर खान ने इस पर से पर्दा उठा दिया है और इस धारणा को पूरी तरह से एक 'गलतफहमी' करार दिया है। लंदन इंडियन फिल्म फेस्टिवल (LIFF) के समापन समारोह में अपनी ऐतिहासिक फिल्म 'लगान' की स्क्रीनिंग के दौरान आमिर खान ने इस मुद्दे पर खुलकर बात की। 
इसके साथ ही आमिर खान ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर भूख हड़ताल पर बैठे सोनम वांगचुक के बिगड़ते स्वास्थ्य को लेकर गहरी चिंता भी व्यक्त की।
 
जब आमिर खान से पूछा गया कि क्या '3 इडियट्स' में उनका किरदार रैंचो वाकई सोनम वांगचुक से प्रेरित था, तो उन्होंने बेहद स्पष्ट शब्दों में कहा, नहीं, यह सच नहीं है। यह एक बहुत बड़ी गलतफहमी है। जब हम '3 इडियट्स' फिल्म बना रहे थे, तब मैं या फिल्म के लेखक राजकुमार हिरानी और अभिजात जोशी, मिस्टर सोनम वांगचुक के बारे में नहीं जानते थे। हमें उनके काम की कोई जानकारी नहीं थी।
 
webdunia
आमिर ने फिल्म में 'चतुर रामलिंगम' का किरदार निभाने वाले अभिनेता ओमी वैद्य के हालिया बयान पर भी प्रतिक्रिया दी। दरअसल, ओमी वैद्य ने एक वीडियो शेयर कर दावा किया था कि रैंचो का किरदार सोनम वांगचुक पर ही आधारित है। 
 
आमिर ने मुस्कुराते हुए कहा, मैंने हाल ही में चतुर (ओमी वैद्य) का एक वीडियो देखा, जिसमें वह यह बात कह रहे हैं। लेकिन वह गलत हैं। शायद चतुर को ऐसा ही लगता था, लेकिन फैक्ट यह है कि हमारा किरदार उनसे प्रेरित नहीं था। हालांकि, सोनम वांगचुक जो काम कर रहे हैं, वह बेहद सराहनीय है। हमें उनका सम्मान करने के लिए किसी फिल्मी किरदार के सहारे की जरूरत नहीं है।
आमिर खान का यह बयान ऐसे समय में आया है जब सोनम वांगचुक दिल्ली के जंतर-मंतर पर पिछले कई दिनों से आमरण अनशन पर बैठे हैं। दरअसल, देश की परीक्षा प्रणाली और NEET-UG पेपर लीक मामले में सुधार की मांग को लेकर 'कॉकरोच जनता पार्टी' द्वारा शुरू किए गए आंदोलन को अपना समर्थन देते हुए सोनम वांगचुक भी इस विरोध प्रदर्शन में शामिल हो गए हैं।
 
सोनम वांगचुक की सेहत को लेकर चिंता जाहिर करते हुए आमिर खान ने कहा, हम सभी उनके स्वास्थ्य और जीवन को लेकर बेहद चिंतित हैं। हम बस यही उम्मीद कर रहे हैं कि यह अनशन जल्द ही किसी अच्छे समाधान के साथ खत्म हो। हम सब चाहते हैं कि वह अपना उपवास तोड़ दें।

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

The Odyssey Review: युद्ध से लौटते योद्धा की नहीं, खुद तक लौटते इंसान की कहानी