Publish Date: Mon, 11 Nov 2024 (08:17 IST)
Updated Date: Sun, 10 Nov 2024 (18:35 IST)
दिग्गज फिल्ममेकर बोनी कपूर 11 नवंबर को अपना बर्थडे सेलिब्रेट कर रहे हैं। बोनी कपूर अक्सर अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर सुर्खियों में रहते हैं। श्रीदेवी से पहले बोनी कपूर ने मोना नामक महिला से शादी की थी। मोना और बोनी के दो बच्चे हैं। अर्जुन कपूर और अंशुला कपूर। श्रीदेवी की मां के इलाज के दौरान बोनी लंबे समय तक अमेरिका में रहे।
उन्होंने श्रीदेवी के भाई की आर्थिक मदद भी की। इस कारण बोनी कपूर पर श्रीदेवी विश्वास करने लगीं और दोनों करीब आ गए। दोनों की नजदीकियों की खबर मोना के कानों तक भी पहुंची और उन्होंने बोनी से दूरी बनाना शुरू कर दी। इसी बीच अचानक श्रीदेवी के साथ बोनी कपूर ने विवाह कर लिया।
मोना ने तो सह लिया, लेकिन उनकी मां सत्ती शौरी काफी भड़क गईं। सत्ती शौरी तेज-तर्रार महिला थीं और बतौर निर्माता उन्होंने कुछ फिल्में भी बनाई थीं।
एक बार जब श्रीदेवी और बोनी से सत्ती का सामना हुआ तो उन्होंने श्रीदेवी और बोनी को अपशब्द कहे और दुर्व्यवहार किया। श्रीदेवी उस समय गर्भवती थीं। कहते हैं कि उन्होंने श्रीदेवी के पेट पर मारने की कोशिश भी की।
इस घटना के बाद श्रीदेवी के मन में सत्ती के लिए नफरत पैदा हो गई थी। बोनी जब अपनी पहली पत्नी मोना और बच्चों से मिलने जाते थे तो श्रीदेवी को अच्छा नहीं लगता था। वे असुरक्षित महसूस करती थीं।
जब सत्ती का निधन हुआ तो बोनी अंतिम संस्कार में हिस्सा लेने के लिए गए। प्रार्थना सभा में भी शामिल हुए। इस वजह से श्रीदेवी बेहद गुस्सा हुईं और बोनी पर भड़क भी गई थीं, लेकिन बोनी ने इस स्थिति का शांति पूर्वक सामना किया।
बोनी कपूर की दोनों पत्नियों मोना और श्रीदेवी का निधन हो चुका है। बोनी के चारों बच्चों अर्जुन, अंशुला, जाह्नवी और खुशी कपूर के बीच बेहद खास बॉन्ड देखने को मिलता है।
बोनी ने जब श्रीदेवी से विवाह रचाया था तब अर्जुन छोटे थे। इसीलिए वे श्रीदेवी को ज्यादा पसंद नहीं करते थे।उनका कहना था कि श्रीदेवी मेरे पिता की पत्नी हैं। हालांकि उनके मन में अपनी हाफ सिस्टर्स खुशी और जाह्नवी के लिए भी गुस्सा नहीं रहा।
WD Entertainment Desk
Publish Date: Mon, 11 Nov 2024 (08:17 IST)
Updated Date: Sun, 10 Nov 2024 (18:35 IST)