लगातार रिलीज टलने के बाद 'अय्यारी' फिल्म 16 फरवरी को प्रदर्शित होने जा रही है। इस फिल्म ने भी सेंसर से परेशानी झेली है। इस फिल्म में लीड रोल में सिद्धार्थ मल्होत्रा और मनोज बाजपेयी हैं। सेना और उसके इर्दगिर्द कहानी का तानाबाना बुना गया है।
अय्यारी का निर्देशन नीरज पांडे ने किया है जो इस फिल्म देखने का सबसे बड़ा आकर्षण हैं। नीरज ने ए वेडनेस डे, स्पेशल 26, बेबी, एमएस धोनी- द अनटोल्ड स्टोरी जैसी उम्दा फिल्में बनाई हैं।
अय्यारी के साथ एक-दो नहीं बल्कि पूरी 6 और फिल्में रिलीज हो रही हैं। ये फिल्में हैं- कुछ भीगे अल्फाज़, वो इंडिया का शेक्सपीयर, परेशान परिंदा- एक बेचारा, नोट पे चोट एट 8/11, डाउन द एक्सिट 796 और ब्लैक पेंथर (डब)।
इन फिल्मों से अय्यारी को घबराने की जरूरत नहीं है क्योंकि ये सारी फिल्में हर शहर में प्रदर्शित हो, जरूरी नहीं है। साथ ही सिनेमाघरों के अभाव में कुछ फिल्मों को ऐन वक्त पर आगे बढ़ाया भी जा सकता है। वैसे भी इनमें से ज्यादातर फिल्मों के नाम भी दर्शकों ने नहीं सुने होंगे।
इन फिल्मों की बजाय 'अय्यारी' को बॉक्स ऑफिस पर पैडमैन और पद्मावत से मुकाबला करना होगा। दोनों फिल्में, खासतौर पर वीकेंड पर 'अय्यारी' को कड़ी टक्कर देती नजर आएंगी।
अय्यारी के अलावा जो अन्य फिल्में रिलीज हो रही हैं उनमें 'कुछ भीगे अल्फाज़' को लेकर कुछ लोगों में उत्सुकता हो सकती है। इसे ओनिर ने निर्देशित किया है।
ओनिर अलग तरह के फिल्मकार हैं और कुछ उल्लेखनीय फिल्में बना चुके हैं। हालांकि 'कुछ भीगे अल्फाज़' के बॉक्स ऑफिस पर कामयाब होने के अवसर बहुत कम नजर आ रहे हैं।
ये बात तय है कि 16 फरवरी को रिलीज होने वाली फिल्मों में सबसे ज्यादा दर्शक 'अय्यारी' को मिलेंगे, लेकिन यह फिल्म माउथ पब्लिसिटी के बल पर ही चल सकती है। ज्यादा से ज्यादा औसत से बेहतर ओपनिंग यह फिल्म ले सकती है।
About Writer
समय ताम्रकर
समय ताम्रकर (Samay Tamrakar)
एंटरटेनमेंट एडिटर एवं फिल्म समीक्षक | वेबदुनिया (Webdunia)
परिचय
समय ताम्रकर हिंदी सिनेमा की गहरी समझ रखने वाले एक अनुभवी संपादक और फिल्म समीक्षक हैं। पिछले 19 वर्षों से 'वेबदुनिया' की संपादकीय टीम के अभिन्न अंग के रूप में, उन्होंने सिने पत्रकारिता में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है।....
और पढ़ें