Publish Date: Wed, 11 Nov 2026 (16:53 IST)
Updated Date: Wed, 11 Nov 2026 (17:03 IST)
प्रीमियम स्कूटर बनाने वाली कंपनी Vespa ने ग्लोबल मार्केट में अपनी नई इलेक्ट्रिक स्कूटर रेंज पेश की है। कंपनी ने इस लाइनअप में तीन इलेक्ट्रिक स्कूटर Sprint S, Primavera और Primavera Tech शामिल किए हैं। इन स्कूटर्स में Vespa का आइकॉनिक डिजाइन, मोनोकॉक चेसिस और नया इलेक्ट्रिक पावरट्रेन दिया गया है। नई रेंज में अलग-अलग बैटरी क्षमता और फीचर्स के विकल्प मिलते हैं।
तीनों स्कूटर्स में मिलेंगे ये फीचर्स
Vespa के तीनों इलेक्ट्रिक स्कूटर्स में कंपनी की पारंपरिक डिजाइन पहचान को बरकरार रखा गया है। इनमें ऑल-LED लाइटिंग और ट्रेलिंग-लिंक फ्रंट सस्पेंशन दिया गया है। स्कूटर्स में आगे 110-सेक्शन और पीछे 120-सेक्शन टायर के साथ 12/11 इंच का व्हील सेटअप मिलता है। ब्रेकिंग के लिए आगे 200mm डिस्क और पीछे 140mm ड्रम ब्रेक दिया गया है। Primavera Tech में सिंगल-चैनल ABS की सुविधा भी मिलती है।
भारत में कब लॉन्च होंगे Vespa के इलेक्ट्रिक स्कूटर?
फिलहाल Vespa ने भारत में अपनी नई इलेक्ट्रिक स्कूटर रेंज लॉन्च करने की कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है। कंपनी भारतीय बाजार में पहले से Vespa और Vespa S जैसे पेट्रोल स्कूटर बेचती है।
Vespa Sprint S और Primavera में 2.3kWh की बैटरी
Vespa Sprint S और Primavera दोनों में 2.3kWh का रिमूवेबल बैटरी पैक दिया गया है। इनमें 3.1kW की मोटर मिलती है, जो 2.7kW की कंटीन्यूअस पावर और 200Nm का पीक टॉर्क जनरेट करती है।
इन दोनों इलेक्ट्रिक स्कूटर्स की टॉप स्पीड 45 किलोमीटर प्रति घंटा बताई गई है। वहीं, WMTC सर्टिफिकेशन के अनुसार इनकी रेंज 68 किलोमीटर है। कंपनी के मुताबिक, 500W चार्जर की मदद से बैटरी को 0 से 80 प्रतिशत तक चार्ज करने में करीब 4 घंटे लगते हैं। बैटरी सहित दोनों स्कूटर्स का वजन 111 किलोग्राम है।
Primavera Tech में 4.2kWh बैटरी, 80Km की रेंज
Vespa की नई इलेक्ट्रिक रेंज में Primavera Tech सबसे प्रीमियम मॉडल है। इसमें 4.2kWh का बड़ा बैटरी पैक दिया गया है। इसकी मोटर 3.6kW की कंटीन्यूअस पावर जनरेट करती है।
कंपनी के मुताबिक, Primavera Tech की WMTC प्रमाणित रेंज 80 किलोमीटर है। इसमें 4.3 इंच का TFT डिस्प्ले दिया गया है, जो स्मार्टफोन कनेक्टिविटी और टर्न-बाय-टर्न नेविगेशन सपोर्ट करता है। नेविगेशन की सुविधा पहले तीन साल तक मुफ्त मिलेगी, इसके बाद इसके लिए सब्सक्रिप्शन रिन्यू कराना होगा। इस स्कूटर में कीलेस इग्निशन, Find My Scooter फीचर और Eco व Power जैसे दो राइडिंग मोड भी मिलते हैं। इसका वजन 130 किलोग्राम है।
अगर कंपनी Sprint S, Primavera और Primavera Tech को भारत में लॉन्च करती है, तो इनका मुकाबला Bajaj Chetak, TVS, Hero, Honda और Suzuki के इलेक्ट्रिक स्कूटर्स के साथ Ather और River जैसे ब्रांड्स से हो सकता है। फिलहाल इन स्कूटर्स की भारतीय कीमत और लॉन्च टाइमलाइन को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।