Publish Date: Sat, 24 Oct 2020 (20:04 IST)
Updated Date: Sat, 24 Oct 2020 (20:29 IST)
बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान की तारीख नजदीक आते ही राजनीतिक पार्टियों का प्रचार तेज हो गया है। बिहार में पहले चरण में 28 अक्टूबर को 71 विधानसभा सीटों पर मतदान होगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और राहुल गांधी भी चुनाव प्रचार में उतर चुके हैं। महागठबंधन का मुकाबला जेडीयू-भाजपा से है। आरजेडी के नेतृत्व वाले महागठबंधन में कांग्रेस और वामपंथी दल साथी हैं।
एलजेपी के चिराग पासवान अकेले चुनावी समर में उतरे हैं। पहले चरण की वोटिंग से पहले एबीपी न्यूज-सी वोटर सर्वे के मुताबिक, नीतीश-भाजपा के खाते में 135-159 सीट, राजद की अगुवाई वाले महागठबंधन को 77-98 सीट और एलजेपी को 1-5 सीट मिल सकती हैं, वहीं अन्य के खाते में 4 से 8 सीटें जा सकती हैं।
कुल 243 सीटों पर वोट प्रतिशत की बात करें तो जेडीयू-भाजपा के खाते में 43% वोट, महागठबंधन को 35% वोट, चिराग पासवान की एलजेपी को 4% वोट और 18% वोट अन्य के खाते में जा सकते हैं।
एबीपी न्यूज-सी वोटर के सर्वे के मुताबिक, 60 प्रतिशत लोगों ने कहा कि वे नीतीश कुमार से नाराज हैं और मुख्यमंत्री को बदलना चाहते हैं। 26% लोगों ने नीतीश कुमार से नाराजगी के बाद भी उन पर भरोसा जताया है। सिर्फ 14% लोग ऐसे हैं, जो न नाराज हैं और न ही नीतीश को बदलना चाहते हैं।