Publish Date: Sun, 17 Oct 2021 (11:34 IST)
Updated Date: Sun, 17 Oct 2021 (11:39 IST)
भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में दुर्गा विसर्जन के जुलूस में एक तेज रफ्तार कार घुस गई, जिससे एक हेड कांस्टेबल सहित चार लोग घायल हो गए। यह घटना शनिवार देर रात बजरिया पुलिस थाना इलाके में भोपाल रेलवे स्टेशन के पास हुई। सोशल मीडिया पर घटना का वीडियो वायरल हो रहा है।
बजरिया पुलिस थाना प्रभारी उमेश यादव ने बताया कि भोपाल रेलवे स्टेशन के पास सड़क पर शनिवार की रात करीब सवा ग्यारह बजे दुर्गा प्रतिमा विसर्जन का जुलूस निकल रहा था। जुलूस के बीच एक अज्ञात व्यक्ति ने तेज रफ्तार कार घुसा दी, जिससे चार लोगों को चोटें आई हैं। उन्होंने कहा कि इनमें से एक को गंभीर चोटें आई हैं और उसका इलाज एक अस्पताल में चल रहा है, हालांकि उसकी स्थिति खतरे से बाहर है।
उन्होंने कहा कि इस हादसे में वहां ड्यूटी पर मौजूद एक हेड कांस्टेबल के पांव पर भी यह कार चढ़ गई थी, जिससे उसे भी हल्की चोट आई है।
यादव ने बताया कि जैसे ही यह कार जुलूस में घुसी, जुलूस में शामिल कुछ लोग उसे पकड़ने के लिए चिल्लाने लगे, जिससे वह घबरा गया और उसने अपने वाहन को तेजी से रिवर्स किया और उसके बाद मौके से वाहन सहित फरार हो गया। इस संबंध में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और उसे पकड़ने के प्रयास जारी हैं।
इस बीच, इस घटना का एक वीडियो सामने आया जिसमें कार तेज रफ्तार से रिवर्स होते हुए नजर आ रही है, जबकि लोग खुद को वाहन से बचाने की कोशिश कर रहे हैं।
बताया जा रहा है कि कार में 2 लोग सवार थे। उनकी कार जुलूस में घुसी और लोगों से टकराई। इसके बाद वे वाहन को रिवर्स ले गये, जिससे कार ने फिर लोगों को टक्कर मारी और बादे में मौके से कार सहित चले गए।
webdunia
Publish Date: Sun, 17 Oct 2021 (11:34 IST)
Updated Date: Sun, 17 Oct 2021 (11:39 IST)