Publish Date: Sun, 21 Jan 2024 (10:43 IST)
Updated Date: Sun, 21 Jan 2024 (11:25 IST)
ayodhya ram mandir inauguration : अयोध्या राम मंदिर प्राण-प्रतिष्ठा समारोह के लिए अयोध्या दुल्हन सी सज गई है। महाराष्ट्र से लाए गए 7500 पौधे श्रीराम जन्मभूमि परिसर में रोपे गए हैं जिससे पूरा क्षेत्र अत्यंत मनोहारी लगने लगा है। 22 जनवरी की शाम को रामनगरी 10 लाख दीपों से जगमगाएगी।
रोशनी से नहाई अयोध्या : अयोध्या के पूर्व राजा का भव्य आवास राज सदन, विभिन्न मंदिर और यहां अन्य इमारतें राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह के मद्देनजर रोशनी से जगमगा उठी हैं जिससे इस मंदिर नगरी में दीपावली उत्सव जैसा माहौल बन गया है।
प्राचीन अयोध्या नगरी को आकर्षक ढंग से सजाया गया है खासतौर से राम पथ और धर्म पथ की साज-सज्जा देखने लायक है। अयोध्या की गलियों में राम आएंगे और अवध में राम आए हैं जैसी गीतों की गूंज सुनायी दे रही है और मंदिर शहर की इमारतें भगवा ध्वज से पटी पड़ी हैं।
10 लाख दीपों से मनेगा दीपोत्सव : राम मंदिर प्राण-प्रतिष्ठा समारोह संपन्न होने के बाद 22 जनवरी की शाम अयोध्या 10 लाख दीपों से जगमगाएगी। मकानों, दुकानों, प्रतिष्ठानों और पौराणिक स्थलों पर 'राम ज्योति' प्रज्ज्वलित की जाएगी। उन्होंने बताया कि अयोध्या सरयू नदी के तटों की मिट्टी से बने दीपों से रोशन होगी। प्राण-प्रतिष्ठा समारोह पूर्ण होने के उपरांत 'राम ज्योति' प्रज्ज्वलित कर दीपावली मनाई जाएगी।
7500 पौधों से सजाया गया श्री राम जन्मभूमि परिसर : अयोध्या में राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा समारोह से पहले महाराष्ट्र से लाए गए साढ़े सात हजार पौधे श्रीराम जन्मभूमि परिसर में रोपे गए हैं जिससे पूरा क्षेत्र अत्यंत मनोहारी लगने लगा है।
पौधे रोपने का यह कार्य श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट व उप्र वन विभाग की तरफ से किया जा रहा है। इन पौधों में एग्लोनेमा रेड-लिपिस्टक, पिंक, ऐलोकेशिया ब्लैक वेलवेट- कुकुलता, वेस्टिल, फिलोड्रेनड्रॉम रिंग ऑफ फायर-बिरकिन, जेनाडू, रेड कांगो, पिंक फायर, पिंक प्रिसेंज, डिफेनबेकिया व्हाइट, होमालोमेना ब्रांज, केलेडियम मिक्स, मेलपिघिया श्रीराम, ड्रकाना महात्मा, सेफलेरा, वेरीगेटेड, लोरोपेटलम, रेडार मचेरा, डिफेनबेकिया बोमानी, मोंसटेरा डेलीसिओसा, आर्केड मिक्स, पीस लिली आदि प्रमुख हैं। (इनपुट भाषा)
Edited by : Nrapendra Gupta
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
Publish Date: Sun, 21 Jan 2024 (10:43 IST)
Updated Date: Sun, 21 Jan 2024 (11:25 IST)