Publish Date: Sun, 20 Dec 2020 (19:06 IST)
Updated Date: Sun, 20 Dec 2020 (19:12 IST)
नई दिल्ली। जापान की वाहन कंपनी होंडा की अगले महीने से वाहनों के दाम बढ़ाने की योजना है। कंपनी के डीलरों को इस बारे में सूचना दे दी गई है। इसके अलावा मारुति सुजुकी, फोर्ड इंडिया और महिंद्रा एंड महिंद्रा पहले ही कह चुकी है कि वे कच्चे माल और अन्य जिंसों की बढ़ी हुई लागत को कम करने के लिए अपने वाहनों के दाम जनवरी से बढ़ाएंगी।
वाहन कंपनी भारत में पूर्ण अनुषंगी होंडा कार्स इंडिया लि. (एचसीआईएल) के जरिए काम कर रही है। कंपनी कॉम्पैक्ट सेडान अमेज से लेकर महंगी एसयूवी सीआर-वी बेचती है। अमेज की शुरुआती कीमत 6.17 लाख रुपए जबकि सीआरवी की 28.71 लाख (एक्स शोरूम) रुपए है।
कंपनी के एक डीलर ने इसकी पुष्टि की है और कहा कि वह जनवरी से वाहनों के दाम बढ़ा रही है। इसका कारण कच्चे माल की लागत और मुद्रा प्रभाव है। डीलर के अनुसार वाहनों के मॉडल के हिसाब से दाम के बारे में सूचना कंपनी जनवरी की शुरुआत में देगी।
इस बारे में संपर्क किए जाने पर कंपनी के प्रवक्ता ने इसकी पुष्टि की, लेकिन इसके बारे में कोई और जानकारी नहीं दी। कई वाहन कंपनियां पहले ही अगले महीने से विभिन्न मॉडल के दाम बढ़ाने की घोषणा की है। पिछले सप्ताह रेनो इंडिया ने कहा कि वह जनवरी से सभी मॉडल के दाम में 28,000 रुपए तक की वृद्धि करेगी।
इसके अलावा मारुति सुजुकी, फोर्ड इंडिया और महिंद्रा एंड महिंद्रा पहले ही कह चुकी है कि वे कच्चे माल और अन्य जिंसों की बढ़ी हुई लागत को कम करने के लिए अपने वाहनों के दाम जनवरी से बढ़ाएंगी।
दोपहिया वाहन कंपनी हीरो मोटो कॉर्प ने भी कच्चे माल की बढ़ी हुई लागत की भरपाई के लिए अपने वाहनों के दाम में 1 जनवरी 2021 से 1,500 रुपए तक की वृद्धि की घोषणा की है।(भाषा)