Hanuman Chalisa

Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

ज्योतिरादित्य सिंधिया के गढ़ में गरजेंगे राहुल गांधी, भारत जोड़ो न्याय यात्रा की मध्यप्रदेश में एंट्री आज

Advertiesment
Bharat Jodo Nyay Yatra's entry in Madhya Pradesh today
भोपाल। राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा आज मध्यप्रदेश पहुंच रही है। भारत जोड़ो न्याय यात्रा आज मध्यप्रदेश के मुरैना जिले से प्रद्रेश में एंट्री कर रही है। राहुल गांधी अगले 5 दिन प्रदेश में रहेंगे। लोकसभा चुनाव से ठीक पहले राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा प्रदेश की 8 लोकसभा क्षेत्रों से होकर गुजरेगी। भारत जोड़ो न्याय यात्रा मध्यप्रदेश में 5 दिनों में 9 जिलो को कवर करते हुए 698 किमी का सफर तय करेगी। पिछले साल राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा सबसे सफल मध्यप्रदेश में रही थी।

सिंधिया के गढ़ पर राहुल का फोकस-ग्वालियर-चंबल पर विशेष फोकस होने के साथ इस बार राहुल गांधी की यात्रा के निशाने पर ज्योतिरादित्य सिंधिया भी है। मार्च 2020 में कांग्रेस से भाजपा में आए ज्योतिरादित्य सिंधिया के इस बार ग्वालियर या गुना-शिवपुरी लोकसभा सीट से चुनावी मैदान में उतरने की संभावना है, ऐसे में राहुल गांधी ने भी अपनी यात्रा में ग्वालियर और गुना-शिवपुरी पर खासा फोकस किया है।

आज मध्यप्रदेश में यात्रा के पहले दिन राहुल गांधी मुरैना और ग्वालियर में सभा करने के साथ रात्रि विश्राम भी ग्वालियर में करेंगे। वहीं 3 मार्च यानि शनिवार को राहुल गांधी ग्वालियर में पूर्व सैनिकों के साथ अग्निवीरों के साथ चर्चा करेंगे। इसके साथ गुना-शिवपुरी लोकसभा सीट पर राहुल गांधी रोड शो करने के साथ नुक्कड सभा करेंगे। राहुल गांधी की यात्रा पांच दिन मध्यप्रदेश में रहेगी जिसमें वह 3 दिन सिंधिया के गढ़ में गुजारेंगे।

मध्यप्रदेश में कांग्रेस को मिलेगा फायदा?- राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा मध्यप्रदेश में 8 लोकसभा सीटों को कवर करेगी। वर्तमान में इन सभी लोकसभा सीटों पर भाजपा का कब्जा है, ऐसे में सवाल यहीं है कि क्या भारत जोड़ो न्याय यात्रा से कांग्रेस को इन सीटों पर कोई फायदा मिल पाएगा। दरअसल लोकसभा चुनाव से ठीक पहले राहुल गांधी अपनी भारत जोड़ो न्याय यात्रा के जरिए मध्यप्रदेश में कांग्रेस के लिए माहौल बनाएंगे। राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा के मध्यप्रदेश में सफल बनाने के लिए प्रदेश कांग्रेस संगठन ने पूरी तैयारी कर रखी  है।

विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की करारी हार के बाद राहुल गांधी अपनी यात्रा के जरिए कांग्रेस संगठन में नया जोश फूंकने की कोशिश करेंगे। विधानसभा चुनाव में भले ही कांग्रेस को प्रदेश में बड़ी हार का सामना करना पड़ा हो लेकिन मुरैना, ग्वालियर में भाजपा और कांग्रेस के बीच बराबरी का मुकाबला रहा है,ऐसे में कांग्रेस को लोकसभा चुनाव से उम्मीदें है, ऐसे में देखना होगा कि क्या राहुल गांधी अपनी यात्रा से कांग्रेस कार्यकर्ताओं की उम्मीदें पूरी कर पाते है।

गौरतलब है कि राहुल गांधी की पिछले साल निकाली गई भारत जोड़ो यात्रा ने मध्यप्रदेश के मालवा निवाड़ क्षेत्र के 6 जिलों बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन, इंदौर,उज्जैन और आगर मालवा में करीब 380 किलोमीटर की दूरी तय की थी।


Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

गौतम गंभीर का राजनीति से संन्यास, पूर्वी दिल्ली में नहीं लड़ेंगे लोकसभा चुनाव