dharma sangrah
✕

आईएसएल को टक्कर देने उतर रही है आई-लीग

Webdunia
मंगलवार, 21 नवंबर 2017 (19:49 IST)
नई दिल्ली। एक समय इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) और अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (एआईएफएफ) की आई-लीग के विलय की चर्चा जोरों पर थी लेकिन आई लीग अब मौजूदा समय में चल रहे आईएसएल के चौथे संस्करण को नए कलेवर के साथ कड़ी टक्कर देने के इरादे से उतर रही है।
        
आईएसएल का चौथा संस्करण शुरू हो चुका है और इसमें कुछ मैच खेले जा चुके हैं। आई लीग का 11वां संस्करण 25 नवंबर से शुरू होने जा रहा है और इसका समापन 2018 में छह मार्च को होगा। यह भी दिलचस्प है कि आईएसएल की शुरुआत 17 नवंबर को हुई थी और इसका समापन 18 मार्च को होगा।
        
आईलीग के 11वें संस्करण में जहां 90 मैच खेले जाएंगे, वहीं आईएसएल में मैचों की संख्या इससे कुछ अधिक होगी। दोनों लीग के टाइटल प्रायोजक हीरो हैं। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि आईलीग की शुरुआत होने के बाद से लोकप्रियता के मामले में कौनसी लीग बाजी मारती है। भारत के कई बड़े खिलाड़ी आईएसएल में खेल रहे हैं जिसमें कप्तान सुनील छेत्री भी शामिल हैं।
        
हीरो आईलीग के 11वें संस्करण की घोषणा एआईएफएफ के महासचिव कुशल दास ने मंगलवार को यहां संवाददाता सम्मेलन में की, जिसमें इस बार दिल्ली, केरल और मणिपुर से तीन नई टीमों को शामिल किया गया है। टूर्नामेंट में आठ राज्यों से कुल 10 टीमें हिस्सा लेंगी जिनमें 90 मैच खेले जाएंगे। इस अवसर पर सभी 10 टीमों के कोच और कप्तान मौजूद थे। आईजोल एफसी इस टूर्नामेंट की गत चैंपियन है।
 
आईएसएल और आईलीग के बीच मुकाबले के बारे में पूछे जाने पर कुशल दास ने स्पष्ट किया कि आईलीग इस देश का शीर्ष टूर्नामेंट है और इसके विजेता को एएफसी चैंपियनशिप में खेलने का मौका मिलता है। दास ने कहा" आईएसएल और आईलीग के विलय को लेकर काफी चर्चा चली थी लेकिन इसका कोई सही हल नहीं निकल पाया। इस पर काम चल रहा है लेकिन हम सभी का एक ही मकसद है भारतीय फुटबाल को आगे ले जाना।
          
दास ने बताया कि आईलीग में इस बार एआईएफएफ की डेवलपमेंट टीम इंडियन एरोज़ उतारी जा रही है जिसमें भारत की अंडर-17 और अंडर-19 टीमों के खिलाड़ी होंगे। इससे पहले तक इस टीम में अंडर-21 टीम के खिलाड़ी होते थे। उन्होंने बताया कि अंडर-17 विश्वकप में हिस्सा लेने वाली भारतीय टीम के कोच पुर्तगाल के लुईस नार्टन डी मातोस को इस टीम का कोच बनाया गया है। इंडियन एरोज का बेस दिल्ली रखा गया है जिससे आईलीग फुटबॉल की दिल्ली में वापसी हो रही है।
          
इंडियन एरोज के कोच नियुक्त किए गए डी मातोस ने कहा 'मैं बहुत रोमांचित हूं कि विश्वकप के बाद मुझे आई लीग से भी जुड़ने का मौका मिल रहा है। भारतीय फुटबॉल के लिए यह वर्ष काफी महत्वपूर्ण रहा है। मेरी टीम के युवा खिलाड़ियों के लिए आईलीग खुद को साबित करने का एक बड़ा मौका होगा, जहां उन्हें अपने स्तर से दो कदम आगे जाने का मौका मिलेगा। हमने एएफसी अंडर-19 क्वालिफाइंग टूर्नामेंट में अच्छा प्रदर्शन किया था और उम्मीद है कि 'ए' युवा खिलाड़ी इस मौके का भरपूर फायदा उठाएंगे।
 
दास ने साथ ही बताया कि तीन नई टीमों में इंडियन एरोज़ के अलावा कालीकट से गोकुलम केरल एफसी और मणिपुर इम्फाल से नेरोका एफसी शामिल है। आईलीग में पूर्वात्तर, पश्चिम बंगाल, पंजाब, तमिलनाडु और गोवा से टीमें हिस्सा ले रही हैं। टूर्नामेंट का पहला मैच लुधियाना में 25 मार्च को मिनर्वा पंजाब और मोहन बागान के बीच खेला जाएगा।
         
टूर्नामेंट में विजेता को एक करोड़ रुपए, उपविजेता को 60 लाख रुपए, तीसरे स्थान को 40 लाख रुपए और चौथे स्थान को 25 लाख रूपए की पुरस्कार राशि दी जाएगी। टूर्नामेंट में हिस्सा लेने वाली 10 टीमें इस प्रकार है- गत चैंपियन आईजोल एफसी, नेरोका एफसी, शिलांग लाजोंग, मोहन बागान, ईस्ट बंगाल, मिनर्वा पंजाब, गोकुलम केरल एफसी, चर्चिल ब्रदर्स, इंडियन एरोज और चेन्नई सिटी एफसी। (वार्ता)

सम्बंधित जानकारी

Show comments
सभी देखें

ज़रूर पढ़ें

गेम शो होस्ट करते करते वनडे क्रिकेट खेलने वाले पहले बल्लेबाज बनेंगे रोहित शर्मा

सर्वाधिक हॉकी मैच खेलने वाली पहली महिला हॉकी खिलाड़ी बनी गोलकीपर सविता

मुश्किल में मोहम्मद रिजवान, सट्टे और फिक्सिंग के लगे संगीन आरोप

Asian Games के लिए भारत ने 503 खिलाड़ियों पर खर्चे 702 करोड़ रुपए

लंबी पारी नहीं खेल पाते रोहित शर्मा, Ex GF सोफिया हयात ने दिया बयान (Video)

अगला लेख