Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
मंगलवार, 15 अक्टूबर 2024
webdunia
Advertiesment

मानसून अपडेट! गुजरात और राजस्थान में बाढ़ से हाल बेहाल, सैकड़ों लोग फंसे

हमें फॉलो करें मानसून अपडेट! गुजरात और राजस्थान में बाढ़ से हाल बेहाल, सैकड़ों लोग फंसे
नई दिल्ली , बुधवार, 26 जुलाई 2017 (07:44 IST)
नई दिल्ली। राजस्थान और गुजरात में बाढ़ से कई जलमग्न इलाकों में सैकड़ों लोग फंसे हुए हैं। वहीं, देश के अन्य हिस्सों में भी हुई भारी बारिश की वजह से सड़कों पर पानी जमा हो गया है, जिससे यातायात और जनजीवन प्रभावित हो गया है।
 
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को अपने गृह राज्य गुजरात में बाढ़ से बुरी तरह प्रभावित बनासकांठा और पाटन जिलों का हवाई सर्वेक्षण किया। यहां थल सेना, वायु सेना, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) और स्थानीय टीमों ने बचाव और राहत अभियान तेज कर दिया है।
 
प्रधानमंत्री मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री विजर रुपानी और राज्य सरकार के शीर्ष अधिकारियों के साथ राज्य की स्थिति जानने के लिए बैठक की।
 
राज्य आपातकालीन अभियान सेंटर (एसइओसी) द्वारा जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि पिछले 24 घंटों में बनासकांठा, पाटन और साबरकांठा के 12 तालुकाओं में 200 मिमी बारिश दर्ज की गई है।
 
सबसे ज्यादा प्रभावित बनासकांठा के दंतिवाडा में 463 मिमी, पालनपुर में 380 मिमी, वदगाम में 357 मिमी, अमिरगढ़ में 337 मिमी और लखानी में 305 मिमी बारिश दर्ज की गई है। उपमुख्यमंत्री नितिन पटेल ने बताया कि करीब 1,000 लोगों को बचाया गया और 46,000 लोगों को निचले क्षेत्रों से निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।
 
राजस्थान के बाढ़ प्रभावित क्षेत्र जालोर, सिरोही और पाली जिलों में राहत अभियान चलाया जा रहा है। जालोर से 19 लोगों को सुरक्षित निकाला गया है।
 
वहीं, ओडिशा में भी राज्य की बड़ी नदियों का पानी खतरे के निशान से ऊपर बहने की वजह से बाढ़ की स्थिति पैदा हो गई है।
 
हवा का कम दबाव का क्षेत्र बनने की वजह से राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश की आशंका जताई गई है। पश्चिम बंगाल में मौसम की स्थिति में आज सुधार देखने को मिला है। राज्य के ज्यादातर हिस्सों में सोमवार  रात से भारी बारिश नहीं हुई है। हालांकि बीरभूम, पुरुलिया, पश्चिम मिदनापुर और हुगली के निचले इलाके वाले क्षेत्र अभी भी जलमग्न हैं। राजधानी कोलकाता में सड़कों पर अब भी पानी जमा है।
 
वहीं, असम में ज्यादातर नदियों के खतरे के निशान से नीचे बहने की वजह से बाढ़ की स्थति में सुधार हुआ है लेकिन होजाई में एक व्यक्ति के डूबने से राज्य में बाढ़ में मरने वालो की संख्या बढ़कर 77 हो गई है।
 
झारखंड के कई हिस्सों में लगातार हो रही बारिश की वजह से जनजीवन प्रभावित हो गया है। यहां दामोदर, कोनार और सिवनी नदियों के जलस्तर में बढ़ोतरी हुई है।
 
मौसम विभाग की खबर के मुताबिक बिहार के उत्तरी हिस्सों में हल्की बारिश हुई है। वहीं, दक्षिण-पश्चिम के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हुई है।
 
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भी बारिश की वजह से पारा गिर गया है। यहां का अधिकतम तापमान 32.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो कि इस मौसम के सामान्य तापमान से दो डिग्री कम है।
 
हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला में 55 मिमी बारिश दर्ज की गई। वहीं, राज्य के कई हिस्सों में मध्यम बारिश दर्ज की गई। (भाषा) 

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

मुंबई में इमारत गिरने से 12 लोगों की मौत