Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
मंगलवार, 15 अक्टूबर 2024
webdunia
Advertiesment

मानसून अपडेट! उत्तर पूर्व में लगातार बारिश, बाढ़ का कहर

हमें फॉलो करें मानसून अपडेट! उत्तर पूर्व में लगातार बारिश, बाढ़ का कहर
नई दिल्ली , बुधवार, 12 जुलाई 2017 (08:49 IST)
नई दिल्ली। उत्तर पूर्व में लगातार बारिश के बाद भूस्खलन एवं बाढ़ से 11 लोगों की मौत हो गई। वहीं दिल्ली और अन्य राज्यों में बारिश के बाद लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली।
 
अरुणाचल प्रदेश के पपुम पारे जिले के लपतम गांव में आठ घरों के लगातार बारिश के बाद भूस्खलन का शिकार होने से पांच लोगों की मौत हो गई है और अन्य नौ लोग लापता हो गए हैं।
 
असम में बाढ़ की स्थिति और बिगड़ गई, जहां मंगलवार को और छह लोगों की मौत हो गई। यहां 23 जिलों के करीब 15 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हैं। गुवाहाटी के आठ लोगों सहित असम में बाढ़ संबंधी घटनाओं में अभी तक करीब 39 लोगों की मौत हो चुकी है।
 
राज्यभर से जलभराव और भूस्खलन की घटनाओं की रिपोर्ट मिल रही है, जहां 8,82,315 जानवर और पोल्ट्री बाढ़ के पानी एवं ब्रह्मपुत्र जैसी मुख्य नदियों के पानी से प्रभावित है। ये नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं।
 
दिल्ली में भी मंगलवार को भारी बारिश के बाद पारे में गिरावट दर्ज की गई। राष्ट्रीय राजधानी में आज अधिकतम तापमान 35.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री कम 28.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
 
पश्चिम बंगाल में कोलकता सहित राज्य के कई हिस्सों में बारिश हुई, जिससे कई मार्गों और निचले इलाकों में पानी भर गया। बिहार में भी लगातार बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई और कई शहरों में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई। पटना में 41.7 मिमी बारिश दर्ज की गई और अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्राधिकारियों ने बुधवार को सातवीं तक के स्कूलों को बंद रखने का आदेश दिया है। दरभंगा और अन्य शहरों में भी जलभराव की रिपोर्टें दर्ज की गई।
 
राजस्थान के उदयपुर और भरतपुर जिलों के भी कई हिस्सों में सोमवार से रुक रुककर बारिश हो रही है। श्रीगंगानगर राज्य का सबसे गर्म क्षेत्र रहा जहां तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं जयपुर में अधिकतम तापमान 36.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
 
पंजाब और हरियाणा के कई स्थानों पर भी बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई। अधिकारियों ने बताया कि चंडीगढ़ में अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम 32.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। (भाषा) 
 

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

ट्रंप जूनियर का बड़ा खुलासा, जारी किए रूस से बातचीत के ई-मेल...