Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
मंगलवार, 15 अक्टूबर 2024
webdunia
Advertiesment

दिल्‍ली के तुगलकाबाद में स्कूल के पास गैस लीक, 300 स्‍कूली छात्राएं अस्पताल में भर्ती

हमें फॉलो करें दिल्‍ली के तुगलकाबाद में स्कूल के पास गैस लीक, 300 स्‍कूली छात्राएं अस्पताल में भर्ती
नई दिल्ली , शनिवार, 6 मई 2017 (09:55 IST)
नई दिल्ली। दक्षिणपूर्वी दिल्ली के तुगलकाबाद क्षेत्र में दो स्कूलों के निकट रासायनिक रिसाव की वजह से विषला धुआं निकलने के बाद 300 छात्राओं को अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। रानी झांसी स्कूल और गर्वनमेंट गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल की छात्राओं को सांस लेने में दिक्कत और आंखों में जलन की शिकायत के बाद निकटतम अस्पताल में ले जाया गया।
 
दिल्ली सरकार ने इस घटना के लिए न्यायिक जांच के आदेश दिए हैं। पुलिस ने इस संबंध में भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) और पर्यावरण संरक्षण अधिनियम की कई धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर लिया है।

webdunia
स्कूल की वाइस प्रिंसिपल के अनुसार स्कूल आने के बाद बच्चों ने आंखों में जलन और घबराहट की शिकायत की जिसके बाद 50-60 बच्चों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। सभी बच्चे खतरे से बाहर हैं। फिलहाल उनका इलाज जारी है।

केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने केंद्र सरकार के अस्पतालों को पीड़ितों की मदद करने के लिए तैयार रहने का निर्देश दिया है। एम्स के डॉक्टरों के एक दल को किसी भी आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए तैयार रखा गया है। बत्रा अस्पताल के एक वरिष्ठ डॉक्टर ने बताया है कि पीड़ितों की स्थिति स्थिर है। यहां 10-14 साल उम्र के 55 बच्चों को भर्ती कराया गया है।
 
पुलिस के मुताबिक सुबह करीब सात बजकर 35 मिनट पर तुगलकाबाद डिपो के एक हिस्से में कुछ रासायन रिसाव होने से संबंधित सूचना मिली थी। यह डिपो इन स्कूलों के निकट स्थित है। कंटेनर में रखे गए इस रासायन को चीन से आयात किया गया था और इसे हरियाणा के सोनिपत ले जाना था। इस घटना के बाद पुलिस और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल के दलों के साथ ही सीएटीएस एंबुलेंस भी घटनास्थल पर पहुंचे।
 
दक्षिणपूर्वी दिल्ली के डीसीपी रोमिल बानिया ने बताया, 'तुगलकाबाद डिपो के एक हिस्से में रसायन रिसाव से रानी झांसी स्कूल की छात्राओं के आंखों में जलन होने लगी है।' पुलिस के अनुसार 310 छात्राओं का अब तक इलाज हो चुका है। मजीदिया अस्पताल में 107 छात्राएं और बत्रा अस्पताल में 62 छात्राएं भर्ती थी।

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

योगी आदित्यनाथ ने शौचालयों का किया औचक निरीक्षण, सड़कों पर लगाई झाडू