Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
मंगलवार, 15 अक्टूबर 2024
webdunia
Advertiesment

कश्मीर में आज फिर बर्फबारी, दिल्ली-एनसीआर में थोड़ी राहत

हमें फॉलो करें कश्मीर में आज फिर बर्फबारी, दिल्ली-एनसीआर में थोड़ी राहत
नई दिल्ली , सोमवार, 16 जनवरी 2017 (09:24 IST)
कश्मीर और हिमाचल में भारी बर्फबारी के चलते हांड़ कंपाने वाली ठंड से दिल्ली-एनसीआर के लोगों को सप्ताह की शुरुआत यानी सोमवार को काफी राहत मिली। मौसम वैज्ञानिकों ने पहले ही अगले कुछ दिनों में ठंड में काफी कमी आने की बात कही थी, इसका असर भी रविवार को सुबह देखने को मिला, जो सोमवार तक जारी रहा। वहीं, मौसम विभाग ने 16 जनवरी को दिल्ली व आसपास के इलाकों में हल्की बारिश होने की संभावना जताई है। 
कश्मीर में ताजा हिमपात के कारण राज्य में आज जनजीवन बाधित रहा और इसके चलते श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग को बंद करना पड़ा तथा विमान सेवाएं भी प्रभावित हुई। राज्य में मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि समूचे कश्मीर में ताजा हिमपात हुआ और घाटी के ऊंचाई वाले कुछ स्थानों पर भी बर्फबारी देखी गई। उन्होंने कहा कि उत्तर कश्मीर में स्कीईंग के लिए मशहूर गुलमर्ग में रात के दौरान करीब दो फुट बर्फ गिरी। राज्य के ऊंचाई वाले कई स्थानों पर भी भारी बर्फबारी होने की खबर है, साथ ही 300 किलोमीटर लंबे श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग के आसपास के इलाकों में भी बर्फबारी की सूचना है जिसके चलते राजमार्ग को बंद करना पड़ा है।
 
राज्य में आने वाली और श्रीनगर अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा से जाने वाली विमान सेवाएं हिमपात के चलते प्रभावित हुई हैं और आज सुबह दो विमानों की उड़ान रद्द कर दी गई। हवाईअड्डा के एक अधिकारी ने बताया, 'विमानों की उड़ान सेवाएं रद्द कर दी गई हैं और अगर मौसम में कोई सुधार नहीं होता तो उड़ान सेवाएं दिन भर के लिए बाधित रहेंगी।'

उधर, मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि दिल्ली में इस हफ्ते कोहरा छाएगा। साथ ही न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है। पिछले हफ्ते शीतलहर की वजह से मौसम का मिजाज काफी बदल गया था। गुरुवार तक न्यूनतम तापमान के 3 से 4 डिग्री सेल्सियस पहुंचने के आसार कम हैं। अधिकतम तापमान 23 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। 21 जनवरी तक अधिकतम तापमान 18 से 19 और न्यूनतम तापमान 7 से 8 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। रविवार के दिन कई जगहों पर न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस तक रहा है।
 
हालांकि, उत्तर भारत में अब भी कोहरे का कहर जारी है। इसका सबसे ज्यादा प्रभाव रेल और हवाई यातायात पर पड़ रहा है। रेलवे की आधिकारिक सूचना के मुताबिक, 17 ट्रेनें देरी से चल रही हैं, जबकि छह ट्रेनों के समय में बदलाव किया गया है। वहीं, 2 ट्रेनों को रद कर दिया है।
 
पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फ पड़ने से उत्तर भारत में ठंड का असर दिखाई दे रहा है। जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में भारी बर्फबारी जारी है। कश्मीर घाटी में ठंड पर थोड़ा सुधार हुआ है। जहां शनिवार को पारा माइनस 6.8 डिग्री रिकॉर्ड हुआ था वहीं रविवार को ये बढ़कर माइनस 2.3 डिग्री पर पहुंच गया, जिसके चलते ठंड में थोड़ी कमी हुई है, लेकिन बर्फबारी आज भी देखने को मिली।  प्रशासन ने उत्तरी और दक्षिणी कश्मीर में हिमस्खलन का अलर्ट जारी किया है और लोगों को सतर्क और बाहर जाने में ऐतिहात बरतने की अपील की है।
 
वहीं, समूचे हिमाचल प्रदेश में कड़ाके की ठंड से रविवार को भी कोई राहत नहीं मिली। हालांकि, न्यूनतम तापमान में कुछ डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हुई। स्थानीय मौसम विभाग ने नए सिरे से पश्चिमी विक्षोभ की वजह से मध्य और उंचाई वाले पहाड़ी क्षेत्रों में आज कुछ स्थानों पर भारी वर्षा या बर्फबारी की चेतावनी दी है।  

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

मौर्य ने कहा- अखिलेश से हुई 'सौदेबाजी' का खुलासा करें मायावती