Lok Sabha Elections 2019 : मध्यप्रदेश में थमा तीसरे चरण का चुनाव प्रचार, तोमर, सिंधिया व दिग्विजय की प्रतिष्ठा दांव पर

Webdunia
शुक्रवार, 10 मई 2019 (19:34 IST)
भोपाल। मध्यप्रदेश में लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण के तहत रविवार को 8 लोकसभा सीटों के लिए विभिन्न राजनीतिक दलों और उम्मीदवारों का चुनाव प्रचार शुक्रवार शाम समाप्त हो गया।
 
सभी पार्टियों ने चुनाव प्रचार में अपनी पूरी ताकत झोंक दी, हालांकि इन सीटों पर मुख्य मुकाबला भाजपा एवं कांग्रेस के बीच है। इस दिन देश में हो रहे लोकसभा चुनाव का 6ठा चरण है, जबकि मध्यप्रदेश में लोकसभा चुनाव का तीसरा चरण है।
 
आधिकारिक जानकारी के अनुसार मध्यप्रदेश में तीसरे चरण के चुनाव में कुल 8 लोकसभा सीटों मुरैना, भिंड, ग्वालियर, गुना, सागर, विदिशा, भोपाल और राजगढ़ के लिए इसी 12 मई को सुबह 7 से शाम 6 बजे तक मतदान होगा।
 
वर्ष 2014 में इनमें से 7 सीटों पर भाजपा ने कब्जा किया था जबकि गुना सीट कांग्रेस के खाते में गई थी। इसमें केंद्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर (मुरैना से भाजपा प्रत्याशी), कांग्रेस महासचिव ज्योतिरादित्य सिंधिया (गुना) एवं कांग्रेस के दिग्गज नेता एवं मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह (भोपाल) जैसे दिग्गज नेताओं की प्रतिष्ठा दांव पर है।
 
इनके अलावा भोपाल सीट से दिग्विजय के खिलाफ लड़ रहीं मालेगांव बम धमाकों की आरोपी प्रज्ञा सिंह ठाकुर भी मैदान में हैं। इन 8 सीटों पर कुल 136 प्रत्याशी मैदान में है जिनमें से मुरैना में 25, भिंड में 18, ग्वालियर में 18, गुना में 11, सागर में 10, विदिशा में 13, भोपाल में 30 और राजगढ़ में 11 उम्मीदवार शामिल हैं।
 
तीसरे चरण में प्रदेश में 8 संसदीय निर्वाचन क्षेत्र में कुल 18,141 मतदान केंद्र एवं कुल 1 करोड़ 44 लाख से अधिक मतदाता हैं। इनमें 32,909 सेवा मतदाता अपने मत का प्रयोग पोस्टल बैलेट से करेंगे। इस चरण के चुनाव प्रचार में भोपाल लोकसभा सीट मुख्य रूप से चर्चा का विषय रहा। इस सीट पर कांग्रेस के दिग्गज नेता दिग्विजय सिंह का मुख्य मुकाबला भाजपा की प्रत्याशी एवं हिन्दुत्व चेहरा साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर से है। प्रज्ञा वर्ष 2008 में हुए मालेगांव विस्फोट मामले में आरोपी हैं और फिलहाल जमानत पर हैं।
 
भाजपा का गढ़ कही जाने वाली इस सीट से दिग्विजय को जिताने के लिए कम्प्यूटर बाबा यहां धूनी जलाकर सैकड़ों साधु-संतों के साथ हठयोग पर बैठे थे और वे उन्हें जिताने के लिए न केवल उनका प्रचार कर रहे हैं, बल्कि तंत्र-मंत्र का सहारा भी ले रहे हैं। कम्प्यूटर बाबा ने साधु-संतों के साथ उनके लिए रोड शो भी किया, जो पूरी तरह से भगवा रंग में रंगा नजर आया।
 
इसके अलावा इस चरण के चुनाव के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सागर एवं ग्वालियर सीटों के भाजपा प्रत्याशियों के लिए चुनावी सभाएं कर वोट मांगे। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने भी अपनी पार्टी के उम्मीदवारों के लिए राजगढ़ एवं भोपाल में चुनाव प्रचार किया।
 
वहीं कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने अपनी पार्टी के सागर, ग्वालियर, भिंड एवं मुरैना सीटों के प्रत्याशियों के लिए चुनावी सभाएं कीं जबकि बसपा प्रमुख मायावती ने अपनी पार्टी के मुरैना लोकसभा क्षेत्र के उम्मीदवार और हरियाणा सरकार के पूर्व मंत्री करतार सिंह भड़ाना के लिए चुनावी रैली की।
 
इनके अलावा उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री कमल नाथ, मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान तथा नितिन गडकरी एवं राजनाथ सिंह सहित कई अन्य केंद्रीय मंत्री भी चुनाव प्रचार में सक्रिय रहे।
 
मध्यप्रदेश में कुल 29 लोकसभा सीटें हैं। 6 सीटों के लिए मतदान 29 अप्रैल और 7 सीटों के लिए मतदान 6 मई को हो गया है और बाकी की 16 सीटों के लिए 2 अन्य चरणों 12 एवं 19 मई को मतदान होना है। इनकी मतगणना 23 मई को होगी। (भाषा)

सम्बंधित जानकारी

Show comments

जरूर पढ़ें

rg kar college rape murder case : डॉक्टरों का 2 घंटे तक इंतजार करती रहीं ममता बनर्जी, फिर मांगी जनता से माफी

मेरठ : 2 साल के अफेयर का खौफनाक अंत, 25 साल के भतीजे के प्रेम में छली गई 40 साल की चाची, जान देकर चुकानी पड़ी कीमत

Sukanya Samriddhi Yojana में 1 अक्टूबर से बड़ा बदलाव, जान लें वरना पछताएंगे

MG Windsor Electric : 1 साल तक फ्री चार्जिंग, 331 Km रेंज, सस्ती कार से मार्केट में आ जाएगी सुनामी

अखिलेश यादव ने लगाया BJP और सरकारी अधिकारियों पर अयोध्या में भूमि घोटाले का आरोप

सभी देखें

नवीनतम

Maharashtra : महिलाओं को बुर्का बांटतीं नजर आईं शिवसेना विधायक, सोशल मीडिया पर वीडियो आया सामने

Retail Inflation : अगस्त में बढ़ी महंगाई, 3.65 फीसदी रही खुदरा मुद्रास्फीति

Weather Update : देश में कब होगी मानसून की विदाई, मौसम विभाग ने जताया यह अनुमान

rg kar college rape murder case : डॉक्टरों का 2 घंटे तक इंतजार करती रहीं ममता बनर्जी, फिर मांगी जनता से माफी

Haryana Election : कांग्रेस ने सांसदों के काटे टिकट, नेता-पुत्रों पर हुई मेहरबान

अगला लेख
More