Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
मंगलवार, 15 अक्टूबर 2024
webdunia
Advertiesment

गुजरात में 1.25 लाख करोड़ रुपए का निवेश मार्च तक पूरा करेंगे : मुकेश अंबानी

हमें फॉलो करें गुजरात में 1.25 लाख करोड़ रुपए का निवेश मार्च तक पूरा करेंगे : मुकेश अंबानी
, मंगलवार, 10 जनवरी 2017 (22:50 IST)
गांधीनगर। देश के सबसे अमीर व्यक्ति मुकेश अंबानी ने मंगलवार को कहा कि रिलायंस इंडस्ट्रीज गुजरात में रिफाइनरी तथा पेट्रोरसायन विस्तार परियोजनाओं में 1.25 लाख करोड़ रुपए का निवेश मार्च तक पूरा करेगी। यह कंपनी द्वारा जताई गई निवेश की प्रतिबद्धता से 10,000 करोड़ रुपए अधिक है।
आठवें वाइब्रेंट गुजरात वैश्विक सम्मेलन को संबोधित करते हुए अंबानी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को ‘परिवर्तनकारी महान नेता’ बताया, जिन्होंने पहले गुजरात में परिवर्तन लाया और अब वे एक के बाद एक ऐतिहासिक तथा दूरदर्शी पहल की कड़ियों से देश को बदल रहे हैं। 
 
उन्होंने कहा कि दुनिया में किसी भी नेता ने इतने कम समय में लोगों की सोच या व्यवहार को नहीं बदला है।’’ अपनी बात के समर्थन में उन्होंने स्वच्छ भारत अभियान, डिजिटल इंडिया, मेक इन इंडिया, कुशल भारत तथा स्टार्ट अप इंडिया पहलों का जिक्र किया। 
 
उन्होंने कहा कि इन पहलों से भारत को दुनिया में सम्मान मिला और इसमें हैरानी की बात नहीं है कि हाल के समय में भारत को सबसे अधिक प्रत्यक्ष विदेशी निवेश मिला है। अंबानी ने कहा कि रिलायंस राज्य में जताई गई प्रतिबद्धता से भी 10,000 करोड़ रुपए अधिक का निवेश करेगी।
 
उन्होंने कहा कि गुजरात में हमारा कुल निवेश 2,40,000 करोड़ रुपए से अधिक है। डालर में यह 45 अरब डॉलर से अधिक बनता है। यह किसी भारतीय कंपनी द्वारा एक राज्य में किया गया सबसे अधिक निवेश है। उन्होंने कहा कि इसमें से रिलायंस ने पिछले चार साल में 1,25,000 करोड़ रुपए का निवेश किया है। हमने अपनी प्रतिबद्धता से 10,000 करोड़ रुपए अधिक का निवेश किया है। 
 
मुकेश अंबानी ने कहा कि यह सारा निवेश मार्च, 2017 तक पूरा हो जाएगा। इस निवेश से दो लाख से अधिक लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा। साथ ही निर्यात के मोर्चे पर गुजरात की प्रतिस्पर्धा बढ़ेगी। समूह की हाल में शुरू की गई 4जी ब्रॉडबैंड और मोबाइल सेवा के बारे में अंबानी ने कहा कि 2014-15 में गुजरात की सिर्फ 35 प्रतिशत आबादी तक 3जी नेटवर्क की पहुंच थी, लेकिन आज 90 प्रतिशत से अधिक राज्य की आबादी रिलायंस जियो के दायरे में आ गई है। दिवाली तक 100 प्रतिशत आबादी तक हमारी पहुंच हो जाएगी।
 
उन्होंने कहा कि मुझे यह घोषणा करते हुए गर्व हो रहा है कि 90 से कम दिन में गुजरात में जियो ने 50 लाख से अधिक ग्राहक बनाए हैं। वह ऐसा पहला राज्य हो गया है। अंबानी ने कहा कि जियो गुजरात के सभी कॉलेजों तथा स्कूलों को जोड़ेगी। जिससे भविष्य के सभी छात्र-छात्राओं की सूचना तक पहुंच हो। 
 
जियो सभी अस्पतालों तथा चिकित्सा सुविधाओं को जोड़ेगी जिससे अगली पीढ़ी की स्वास्थ्य एवं मेडिकल ढांचा शामिल है। रिलायंस फाउंडेशन ने गुजरात में पंडित दीनदयाल उपाध्याय पेट्रोलियम विश्वविद्यालय के लिए 150 करोड़ रुपए की प्रतिबद्धता जताई है, जिससे इसे देश का शीर्ष संस्थानों में से एक बनाया जा सके। (भाषा) 

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

ट्रंप ने अपने दामाद को बनाया वरिष्ठ सलाहकार